14 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान पुलिस ने रोकी BJP Nyay Yatra, तेजस्वी सूर्या और सतीश पूनिया हिरासत में लिए गए

BJP Nyay Yatra : करौली हिंसा के पीड़ितों से मिलने जा रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्टीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को अन्य भाजपा नेताओं के साथ हिरासत में लिया गया है।

2 min read
Google source verification
tejasvi surya and satish poonia in custody

BJP Nyay Yatra : करौली में बुधवार को न्याय यात्रा निकालने के लिए आ रहे BJP के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्टीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा सहित अन्य अनेक भाजपा और युवा मोर्चा के राष्टीय व प्रदेश नेताओं को करौली जिले की सीमा पर सलेमपुर के पास पुलिस बल ने रोक लिया।

ये नेता करौली जाने के लिए अड़े गए। इस दौरान भाजयुमो और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। यात्रा को रोकने से आक्रोशित सतीश पूनिया, सासंद रंजीता कोली, सांसद मनोज राजोरिया सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने गहलोत सरकार को चेतावनी दी कि उन्हें अगर जाने नहीं दिया गया तो यहीं पर आंदोलन किया जाएगा। सूर्या ने कहा कि हर कीमत पर करौली जाएंगे। नहीं तो सामूहिक रूप से गिरफ्तारियां देंगे।

हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने तेजस्वी सूर्या और सतीश पूनिया सहित अन्य नेता और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को दौसा जिले के महवा की ओर ले जाया गया है। इसके बाद भाजपा नेताओं को मेहंदीपुर बालाजी मोड़ पर ले जाकर छोड़ दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इससे पहले पूनिया एवं सूर्या ने जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती करौली हिंसा के घायलों से मुलाकात की और न्याय रैली के रुप में करौली के लिए प्रस्थान किया था।

हिंसा पीड़ितों से मिलकर तेजस्वी सूर्या ने कहा कि आज हम अशोक गहलोत के जंगल राज को देख रहे हैं। इस जंगल राज के खिलाफ युवा मोर्चा और भाजपा पार्टी लगातार विरोध करती रहेगी। राजस्थान के करौली में जहां सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। वहां आज भाजपा न्याय यात्रा निकालना चाहती है। इसके लिए बेंगलुरु से सांसद और भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी राजस्थान पहुंचे हैं।

भाजपा की न्याय यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सावधानी बरत रहा है। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। करौली शहर में कर्फ्यू में ढील की अवधि इस न्याय यात्रा के कारण सुबह 6 से 10 बजे तक 4 घंटे की रखी गई जो एक दिन पहले 9 घंटे की थी। पुलिस मुख्यालय से 3 आईपीएस, 10 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 15 उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के अलावा आरएसी की 2 कम्पनी को बुलाया गया है। शहर में चप्पे पर पुलिस लगाई गई है। करौली जिले में गंगापुरसिटी, हिंडौन मार्ग सहित सभी मार्गों पर प्रवेश करने पर पुलिस द्वारा नाकेबंदी की हुई है।