
राजस्थान विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, पत्रिका फोटो
Rajasthan Assembly Bomb Threat: राजस्थान में कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजस्थान विधानसभा समेत जयपुर और बीकानेर जिले के को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने पर प्रदेशभर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई। राजस्थान विधानसभा, हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। परिसरों को खाली कराया गया लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
विधानसभा सचिवालय कार्यालय को सोमवार सुबह एक ईमेल आया, जिसमें अगले 3 घंटे में विधानसभा भवन को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई है। खबर फैलते ही विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया।
जयपुर जिला एवं सत्र न्यायालय को भी धमकी का ईमेल कोर्ट के ऑफिशियल आईडी पर आया था। इसके बाद पुलिस की टीमों ने अलग-अलग जगहों पर तलाशी ली, लेकिन किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सेशन कोर्ट को उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने पर कोर्ट प्रशासन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने परिसर में सर्च किया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सर्च के दौरान कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
गौरतलब है कि आज से ही कोर्ट में सुनवाई का समय सुबह 7:30 से दोपहर एक बजे तक हुआ है। ऐसे में कोर्ट परिसर में अधिवक्ता और परिवादी काफी संख्या में मौजूद थे। पुलिस ने आनन फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराया।
बीकानेर शहर के जिला एवं सत्र न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। न्यायिक और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की ओर से इस गंभीर सूचना से अवगत कराए जाने के बाद बार एसोसिएशन ने तत्काल अलर्ट जारी किया है।
बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड ने कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली। एडवोकेट चैंबर, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष, कोर्ट रूम और आसपास के सभी संवेदनशील स्थानों को बारीकी से जांचा। कई घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। तब जाकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद कोर्ट में सामान्य रूप से कामकाज शुरू हो सका।
बीते 25 मार्च को श्रीगंगानगर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। डाक के जरिए भेजा गया धमकी भरा लेटर मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी की सूचना सामने आते ही जिला प्रशासन, पुलिस महकमा और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। वहीं, कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीम ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। सी और डी ब्लॉक के चैंबर, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष समेत पूरे परिसर की जांच की गई। बम निरोधक दस्ते की क्लियरेंस मिलने के बाद ही कोर्ट में कामकाज शुरू हो पाया।
Updated on:
13 Apr 2026 01:50 pm
Published on:
13 Apr 2026 10:43 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
