कालाडेरा थाना क्षेत्र के गांव बिहारीपुरा गांव में हुए सुनीता जाट हत्या प्रकरण में जेठानी के अलावा अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने से मृतका के पीहर पक्ष में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर शाम पीहर पक्ष व सर्व समाज के लोगों ने रावण गेट स्थित सुभाष सर्किल पर श्रद्धांजलि सभा की। मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कैंडल मार्च निकाला गया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि प्रकरण में जेठानी के साथ अन्य लोग भी शामिल हैं, जिन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। वहीं, विधायक रामलाल शर्मा भी श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने व दोषियों को कड़ी सजा दिलवाने का आश्वासन दिया।