
Jaipur : कॉकरोच जनता पार्टी की टीम Photo Source-CJP
Cockroach Janata Party : जयपुर में सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर स्कूल का निरीक्षण किया। पदाधिकारी रविवार को भट्टा बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय न्यू संजय नगर पहुंचे। टीम ने बंद पड़े स्कूल भवन का मौका मुआयना किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से बच्चों की पढ़ाई और स्कूल बंद होने से हुई समस्याओं की जानकारी ली। बीते दिनों सीजेपी के जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा कंवरपुरा गांव के स्कूल में पहुंचने के बाद यहां विवाद हो गया था। ग्रामीणों की ओर से इस दौरान सीजेपी कार्यकर्ताओं से मारपीट की गई थी। यही नहीं सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ भी मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया।
जयपुर में खस्ताहाल सरकारी स्कूलों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। 30 अगस्त को सीजेपी की राष्ट्रीय सचिव रेखा शर्मा की अगुवाई में कॉकरोच जनता पार्टी की टीम राजकीय प्राथमिक विद्यालय न्यू संजय नगर पहुंची। यहां ताले में बंद पड़े स्कूल भवन का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद किया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्कूल बंद होने से क्षेत्र के कई बच्चे शिक्षा से पूरी तरह से वंचित हो चुके हैं। सीजेपी ने जयपुर प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के ताले तुरंत खोले जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू हो सके।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय न्यू संजय नगर के बाद सीजेपी की टीम राजकीय स्कूल (भोमिया बस्ती) पहुंची। वहां स्थानीय निवासियों ने स्कूल की व्यवस्था पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय जनता ने कहा कि बच्चों को पिंजरेनुमा जगह में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों ने स्कूल की चारदीवारी तुरंत बनवाने और सुरक्षित माहौल मुहैया कराने की मांग की।
सीजेपी ने स्पष्ट रुप से चेताया कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इन दोनों प्राथमिक विद्यालयों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगी। सीजेपी के स्कूल निरीक्षण के बाद एक बार फिर राजस्थान का सियासी पारा चढ़ता दिखाई दे रहा है।
Updated on:
30 Aug 2026 10:45 pm
Published on:
30 Aug 2026 10:45 pm
