18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : नवरात्र पर सीएम भजनलाल का तोहफा, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को मिलेगा मासिक यात्रा भत्ता

CM Bhajanlal : नवरात्र पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला सुरक्षा को समर्पित बड़ी सौगात दी। नवीन 100 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का शुभारंभ किया। सीएम भजनलाल ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के लिए मासिक यात्रा भत्ते की घोषणा की।
3 min read
Google source verification
cm bhajanlal announced monthly travel allowance kalika patrolling unit

Jaipur : काॅन्स्टीट्यूशन क्लब में सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो - DIPR

CM Bhajanlal : नवरात्र पर सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया। इस अवसर पर सीएम भजनलाल ने नवीन 100 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का शुभारंभ किया। साथ ही कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें प्रतिमाह थाने एवं पुलिस चौकी में पदस्थापित काॅन्स्टेबल, हेड काॅन्स्टेबल और एएसआई की तरह निश्चित यात्रा भत्ता देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों में कानून का भय और महिलाओं में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना पैदा करना भी है।

100 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का शुभारंभ

सीएम भजनलाल रविवार को काॅन्स्टीट्यूशन क्लब में नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स एवं महिला यूथ सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि उनके सम्मान, स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और समान अवसरों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स की महिला पुलिसकर्मियों से संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और साहस के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

आधी आबादी को पूरा हक देना सुनिश्चित किया

सीएम भजनलाल ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से लेकर उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुद्रा योजना और लखपति दीदी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। वहीं, राज्य सरकार द्वारा भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी को उनका पूरा हक देना सुनिश्चित किया जा रहा है।

अब तक 55 हजार से अधिक असामाजिक तत्वों पर हुई कार्रवाई

सीएम भजनलाल ने कहा कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स और महिला यूथ सीएलजी सदस्यों का फील्ड में प्रभावी असर नजर आ रहा है। यही कारण है कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2026 में महिला अत्याचार के प्रकरणों में लगभग 48 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है तथा महिला अत्याचार संबंधी प्रकरणों में अनुसंधान का औसत समय घटकर 48 दिन रह गया है।

उन्होंने कहा कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स द्वारा 55 हजार से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 50 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को कानून और 18 लाख से अधिक को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया है। इसी प्रकार लगभग 16 लाख 70 हजार से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया है।

सामुदायिक पुलिसिंग के लिए थानों में नियमित बैठकें हो

सीएम भजनलाल ने सामुदायिक पुलिसिंग को महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि प्रदेश में 2 लाख 60 हजार से अधिक सदस्यों को जोड़ा गया है। इनमें 84 हजार से अधिक यूथ सीएलजी सदस्य, 83 हजार से अधिक सीएलजी सदस्य, 40 हजार से अधिक पुलिस मित्र और 29 हजार से अधिक ग्राम रक्षक शामिल हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से थानों में इनकी नियमित बैठकें आयोजित करने तथा गांवों और शहरी क्षेत्रों में जागरुकता गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।

उनके सुझाव एवं अनुभव सुने

कार्यक्रम में सीएम भजनलाल ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स की महिला पुलिसकर्मियों और प्रदेशभर से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ी महिला यूथ सीएलजी सदस्यों से संवाद करते हुए उनके सुझाव एवं अनुभव सुने। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवीन 100 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।