15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जालोर में प्रोटोकॉल तोड़ ग्रामीणों और बच्चों के बीच पहुंचे CM भजनलाल, सड़क के लिए 1.60 करोड़ की स्वीकृति दी

जालोर के पंसेरी गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रोटोकॉल तोड़ ग्रामीणों और बच्चों से संवाद किया। जनसंवाद के दौरान सड़क, स्टेडियम और पशु चिकित्सालय सहित कई विकास कार्यों के निर्देश दिए। सुंधा माता-राजपुरा पैदल मार्ग के लिए 1.60 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

May 15, 2026

CM Bhajanlal Sharma Jalore Visit

सीएम भजनलाल शर्मा ने सुबह की सैर के दौरान स्कूली बच्चों से भी संवाद किया (पत्रिका फोटो)

CM Bhajanlal Sharma Jalore Visit: जालोर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जालोर दौरा न केवल प्रशासनिक घोषणाओं के लिए याद किया जाएगा, बल्कि उनके आम आदमी से सीधे जुड़ाव ने एक नई मिसाल पेश की है। जिले के पंसेरी गांव में मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब वे सुरक्षा घेरा (प्रोटोकॉल) तोड़कर आम ग्रामीणों की तरह गांव की पगडंडियों पर निकल पड़े।

गुरुवार की सुबह पंसेरी गांव के लिए बेहद खास थी। मुख्यमंत्री सुबह की सैर के दौरान जब गांव की गलियों में पहुंचे, तो वहां का माहौल बदल गया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ बैठकर खेती-किसानी और पशुपालन पर चर्चा की। इस दौरान स्कूल जा रहे छोटे बच्चों को देख मुख्यमंत्री रुक गए और उन्हें अपने पास बुलाकर चॉकलेट और टॉफियां दीं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। गांव के मंदिरों में दर्शन के बाद जब वे 'चौहटा' पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक साफा पहनाकर भव्य अभिनंदन किया।

मौके पर ही समाधान: 1.60 करोड़ की तत्काल स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनी ही नहीं, बल्कि मौके पर ही उनके निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने जिला कलक्टर को स्पष्ट निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं का लाभ कागजों से निकलकर आमजन तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के कुछ ही घंटों के भीतर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने सुन्धा माता से राजपुरा (2.2 किमी) तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ 60 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी। इसका खर्च 'पूल बजट' से किया जाएगा।

जालोर के विकास के लिए CM के बड़े निर्देश

  • सड़क निर्माण: सुन्धा माता मंदिर से मालवाड़ा और पंसेरी से नीलकंठ महादेव तक सड़क उन्नयन की कार्ययोजना।
  • खेल और स्वास्थ्य: पंसेरी में खेल स्टेडियम के लिए जमीन का चिन्हीकरण और पशु चिकित्सालय हेतु भूमि आवंटन।
  • कृषि विकास: मालवाड़ा में नई सब्जी मंडी का निर्माण और स्थानीय स्तर पर एनीकट निर्माण की व्यवहार्यता रिपोर्ट।
  • बिजली: क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नवीन ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश।

"महिला, युवा, किसान और मजदूर ही प्रदेश की नींव"

इससे पहले बुधवार शाम को मुख्यमंत्री ने 'ग्राम विकास चौपाल' में राजीविका की महिलाओं और पशुपालकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 'मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान' के जरिए राजस्थान की प्रत्येक पंचायत के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है ताकि राजस्थान एक 'मॉडल स्टेट' बन सके।

सुन्धा माता के दरबार में शीश नवाया

भ्रमण के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सुन्धा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, उद्योग राज्यमंत्री के. के. विश्नोई और विधायक छगन सिंह राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।