
CM Bhajanlal Promise : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा का वादा। सीएम भजनलाल ने कहा चिकित्सा विभाग में लगभग 50 हजार पदों पर भर्ती का लक्ष्य है, जिसे हम जल्द पूरा करेंगे। सीएम भजनलाल ने कहा कि राज्य सरकार ने चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ के करीब 21 हजार पदों पर नियुक्ति दी हैं। सीएम भजनलाल शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद को संबोधित कर रहे थे।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आमजन के लिए ई-संजीवनी के माध्यम से टेलीमेडिसिन की सुविधा, 1 लाख 67 हजार स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गई है। राज्य को टीबी मुक्त प्रदेश बनाने के लिए ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत’ अभियान आयोजित किया जा रहा है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि सरकार प्रदेश में विश्वस्तरीय मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। इसी क्रम में जयपुर में जल्द ही आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त कार्डियक टॉवर की सुविधा मिलेगी, जहां हृदय रोगों का विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध होगा। साथ ही, प्रतापनगर स्थित आरयूएचएस अस्पताल को एम्स की तर्ज पर रिम्स के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मा’ योजना से आमजन को बहुत लाभ मिल रहा है। साथ ही, सरकार ने डिजिटल हैल्थ टेक्नोलॉजी, टेलीमेडिसिन, आभा आईडी, मेडिकल स्टाफ में भर्ती सहित विभिन्न कार्य किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हम सभी के सहयोग से स्वस्थ राजस्थान के संकल्प को गति मिलेगी।
Updated on:
17 Jan 2025, 6:39 PM IST
Published on:
17 Jan 2025, 6:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.