
Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रवासी राजस्थानियों के लिए बड़ा एलान किया है। उन्होंने घोषणा की कि अब हर साल 10 दिसंबर को 'प्रवासी राजस्थान दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने देश-विदेश से आए प्रवासी राजस्थानियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से राजस्थान और अधिक समृद्ध बनेगा।
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। हमें प्रवासी राजस्थानी भाइयों का बहुत बड़ा सहयोग मिलेगा, हम साझा संकल्प, साझा सोच के साथ जुटे हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश-विदेश से पधारे प्रवासी राजस्थानियों का 8 करोड़ देवतुल्य जनता की ओर से हार्दिक अभिनंदन करता हूं। हमारी पहचान हमारी मीठी बोली और मनुहार में है। हमारा संकल्प है कि राजस्थान को विकसित, समृद्ध और सिरमौर राज्य बनाएं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों के लिए एक अलग विभाग बनाने की भी घोषणा की। यह विभाग प्रवासियों के हितों, सुझावों और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा। साथ ही, उनकी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए भी प्रयास करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राजस्थान को न केवल देश का बल्कि विश्व का सिरमौर राज्य बनाना है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को इस अभियान का भागीदार बनने का आह्वान भी किया।
गौरतलब है कि सीएम भजनलाल शर्मा की यह पहल राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और आर्थिक विकास को एक नया आयाम देगी। 'प्रवासी राजस्थान दिवस' न केवल प्रवासियों को अपनी मिट्टी से जोड़ेगा बल्कि राज्य के विकास में उनका योगदान भी सुनिश्चित करेगा।
Updated on:
10 Dec 2024 06:08 pm
Published on:
10 Dec 2024 02:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
