27 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मणिपुर पर सीएम गहलोत का बयान,”कांग्रेस के 2 घंटे, भाजपा के 77 दिन”

भाजपा की प्रेसवार्ता में रविशंकर प्रसाद ने कहा, मणिपुर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी आहत हैं। पीएम मोदी ने कड़े शब्दों में इसकी निंदा की है।

2 min read
Google source verification
ashok gehlot

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

जयपुर/दिल्ली। कई महीनों से अशांत मणिपुर में महिला से दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक ओर जहां लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की, वहीं कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने भाजपा नीत केंद्र और मणिपुर सरकार को जमकर घेरा। विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया के बाद भाजपा ने प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता में भाजपा ने घटना की ना सिर्फ कड़ी निंदा की बल्कि कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

भाजपा की प्रेसवार्ता में रविशंकर प्रसाद ने कहा, मणिपुर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी आहत हैं। पीएम मोदी ने कड़े शब्दों में इसकी निंदा की है। कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया है। महिलाओं की सुरक्षा के बारे में देश में जागृति फैलाने की बात की है। अब स्थिति सामान्य है और मुख्यमंत्री ने बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।

मोदी सरकार बहन-बेटियों के बारे में संवेदनशील
संसद में मणिपुर पर बहस को लेकर रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा, संसद के दोनों सदनों में हम इस पर बहस चाहते थे, क्योंकि ये हमारे लिए गंभीर विषय। मोदी सरकार देश की बहन-बेटियों की इज्जत के बारे में बहुत ही गंभीर और संवेदनशील है।

कांग्रेस के लिए मणिपुर जरूरी नहीं, क्लॉज जरूरी
रविशंकर प्रसाद ने कहा, सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा में साफ-साफ कहा। मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार हैं, तो कांग्रेस और विपक्ष किस क्लॉज में चर्चा हो इस पर बहस कर रहे हैं। विपक्ष के लिए मणिपुर की घटना जरूरी नहीं, क्लॉज जरूरी है। भाजपा कांग्रेस से पूछना चाहती है कि आप चाहते क्या हैं? संसद में सार्थक बहस चाहते हैं या रूल पर अपना इगो चाहते हैं?

कांग्रेस का ये पैटर्न देश को बताना जरूरी
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर बहस से भागने का आरोप लगाते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी ने एक पैटर्न बना रखा है। हर सदन से पहले कोई चीज लेकर आना, फिर बहस नहीं होने देना। बहस से भागना और फिर आरोप लगाना कि मोदी सरकार बहस नहीं करना चाहती। ये पैटर्न बताना देश को जरूरी है। सदन शुरू होने से पहले वीडियो वायरल होने पर सवाल उठाते हुए रविशंकर प्रसाद कहा, सवाल उठता है संदेहास्पद परिस्थितियों का, घटना एकाएक ट्विटर पर आ जाती है, सदन शुरू होने से पहले। ये क्या है?

राजस्थान-छत्तीसगढ़ पर कांग्रेस को घेरा
जोधपुर की घटना पर कांग्रेस की खामोशी पर सवाल उठाते हुए कहा, सोनिया, प्रियंका, राहुल और खरगे जी जोधपुर की घटना को लेकर खामोश क्यों हैं? जोधपुर में एक परिवार के चार सदस्यों को जिंदा जला दिया गया। हत्या के बाद चारों शवों को आंगन में रखकर आग लगाई । इस पर सोनिया गांधी कुछ बोलीं क्या? उन्होंने अशोक गहलोत को फोन भी किया है क्या? प्रियंका जी कुछ बोली हैं क्या? इसका क्या मतलब है? करौली में दलित युवती से गैंगरेप, फिर एसिड डाल जलाया गया। ये स्पष्ट दोहरे मापदंड है, इसके बारे में क्या कहा जाए? छत्तीसगढ़ में रेप की घटनाएं बढ़ रही, वह नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो का डाटा बोल रहा है।

कांग्रेस के 2 घंटे, भाजपा के 77 दिनः सीएम गहलोत
मणिपुर में महिलाओं से दुर्व्यवहार को लेकर गहलोत ने भाजपा को निशाने पर लिया और ट्वीट कर कहा, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं। जोधपुर में गैंगरेप के बाद तीनों आरोपी महज 2 घंटे में गिरफ्तार किए गए। भाजपा को मणिपुर की शर्मनाक घटना के लिए सिर्फ एक आरोपी को पकड़ने में 77 दिन लग गए।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग