27 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रियंका गांधी का आज जयपुर दौरा, प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी पर होगा महामंथन

दोपहर 1.50 बजे जयपुर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित, प्रियंका गांधी का बेहद गोपनीय रखा गया है कार्यक्रम, मुख्यमंत्री के अलावा किसी से भी नहीं होगी मुलाकात, कल सुबह 8 बजे जयपुर से लखनऊ के लिए होंगी रवाना, पांच राज्यों के आने वाले परिणाम और उसके बाद के हालात पर होगी चर्चा

2 min read
Google source verification
priyanka gandhi

priyanka gandhi

जयपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी का आज एक दिवसीय जयपुर दौरा प्रस्तावित है। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी विशेष विमान से दोपहर 1.50 बजे जयपुर पहुंचेगी और सीधे मुख्यमंत्री आवास पर जाएंगी। प्रियंका गांधी का दौरा इतना गोपनीय रखा गया है कि मंत्री विधायकों और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भी प्रियंका गांधी से मुलाकात का न्योता नहीं दिया गया है।

बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी रात्रि विश्राम भी सीएम हाउस में ही करेंगी, जहां उनके दौरे को लेकर तैयारियां तेज है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी रात्रि विश्राम सीएम हाउस में करने के बाद सुबह 8 बजे विशेष विमान से जयपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी जहां उनका कल लखनऊ में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होना है।

प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी पर होगी मुख्यमंत्री से चर्चा

जानकारों की माने तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के 10 मार्च को आने वाले परिणाम और उसके बाद सरकार गठन और प्रत्याशियों की जयपुर और आसपास के जिलों में बाड़ाबंदी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लंबी चर्चा करेंगी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ होने वाली बैठक में प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत के अलावा तीसरे किसी भी व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाएगा यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी बैठक से दूर रखा गया है।चर्चा यह भी है कि चुनाव परिणाम के बाद पार्टी की क्या स्थिति रहने वाली है उसे लेकर भी दोनों के बीच लंबी चर्चा होनी है।

प्रियंका के दौरे की एक वजह यह भी

वहीं प्रियंका गांधी के जयपुर दौरे और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की एक वजह यह भी है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से महिलाओं को 40 फ़ीसदी टिकट दिए जाने के फार्मूले पर अमल किया था।

यही वजह है कि पार्टी के प्रमुख फैसलों में भी प्रियंका गांधी अशोक गहलोत की राय को अहमियत देती है, माना जा रहा है कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद अगर पंजाब और उत्तराखंड में पार्टी को बहुमत नहीं आता है तो फिर किस प्रकार जोड़-तोड़ से सरकार बनानी है इसे लेकर भी दोनों के बीच रणनीति तैयार होगी।

महासचिव बनने के बाद जयपुर का तीसरा दौरा
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का यह तीसरा जयपुर दौरा है। प्रियंका गांधी कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान के पुत्र की शादी समारोह में शामिल होने के लिए जयपुर आई थी। उसके बाद बीते साल दिसंबर माह में विद्याधर नगर स्टेडियम में हुई कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी रैली में शिरकत करने जयपुर आई थी और अब पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के मद्देनजर मुख्यमंत्री से चर्चा के लिए जयपुर आ रही हैं।