15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दागदार ‘खाकी’! जिस टेबल पर तिरंगा उसी की दराज़ में डाली 40 हज़ार की बंधी, राजस्थान का घूसखोर थानेदार अरेस्ट

40 हजार की रिश्वत लेते चारभुजा थानेदार गिरफ्तार, टोल प्लाजा के सुरक्षा बंदोबस्त के एवज तय की थी दस हजार की मंथली

2 min read
Google source verification
sho arrested taking bribe

जयपुर/चारभुजा।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पाली के दल ने सोमवार दोपहर चारभुजा पुलिस थाने में दबिश देकर थाना प्रभारी महेश जोशी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गोमती से देसूरी हाइवे के टोल प्लाजा की सुरक्षा बंदोबस्त की एवज में प्रतिमाह 10 हजार रुपए मंथली बंधी तय हुई थी। ख़ास बात ये है कि जिस टेबल में बैठकर थानेदार घूस ले रहा था उसी टेबल पर तिरंगा लगा हुआ था।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत ने बताया कि टोल प्लाजा झीलवाड़ा के प्रबंधक मकराना (नागौर) निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र सावंतसिंह ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पाली में चारभुजा थाना प्रभारी महेश जोशी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की।

इसपर एसीबी दल ने सत्यापन में शिकायत को सही पाया। प्रतिमाह 10 हजार रुपए की बंधी के हिसाब से चार माह के 40 हजार चारभुजा थाने में जाकर दिए। रिश्वत के 40 हजार रुपए थाना प्रभारी की टेबल की दराज में रख दिए। इशारा पाते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश दान ने दबिश देकर थानेदार जोशी की मेज की दराज से रिश्वत की राशि बरामद की।

बाद में एसीबी दल ने थानेदार के दफ्तर व आवास की भी तलाशी ली। इसके बाद एसीबी दल थानेदार को गिरफ्तार कर पाली ले गई, जिसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

15 हजार मांगे, दस हजार में सहमति
एसीबी की जांच व ट्रेप कार्रवाई के अनुसार थाना प्रभारी जोशी ने टोल प्लाजा झीलवाड़ा के प्रबंधक से प्रति माह 15 हजार रुपए मंथली बंधी मांगी। बाद में टोल प्लाजा प्रबंधक ने दस हजार रुपए देने की बात कही, जिस पर सहमति बन गई।

कुंवारिया थाने से ढाई माह में हटे
उप निरीक्षक महेश जोशी को पहले कुंवारिया थाना में प्रभारी नियुक्त किया, मगर ढाई माह में ही उन्हें कुंवारिया थाने से हटा दिया था। बताया गया कि तब भी लोगों से रिश्वत मांगने की शिकायतें की थी।