13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan : पुलिस पर बदमाशों ने की फायरिंग, पुलिस कर्मियों ने भी मारी गोलियां, इस महिला नेता से जुड़ा है मामला

बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई।

2 min read
Google source verification

जयपुर। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद है। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। पुलिस ने बुलेट प्रुफ जैकेट पहनी हुई थी। ऐसे में पुलिस कर्मियों ने अपना बचाव करते हुए जवानी फायरिंग की। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।

मामला भीलवाड़ा का है। आरोपियों को इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। देर रात एसपी धर्मेंद्र सिंह और एएसपी पारस जैन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि 6 नवंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के नीलकंठ कॉलोनी में रहने वाली कांग्रेस नेता पुष्पा सुराणा के घर में घुसकर उनके पति विद्याधर सुराणा पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।

बुलेट प्रूफ जैकेट से बचे पुलिसकर्मी..

इसी बीच रविवार रात टीम के इंस्पेक्टर सुरजीत और सुनील को मुखबिर से आरोपियों के हरणी महादेव क्षेत्र में होने की सूचना मिली। 5 पुलिसकर्मी अपराधियों को पकड़ने हरणी महादेव क्षेत्र में पहुंचे। इन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन दोनों आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी। बुलेट प्रूफ जैकेट के चलते पुलिसकर्मी गोली से बच गए।

बदमाशों का इलाज जारी…

इस दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश कमलेश खाती (23) पुत्र सत्यनारायण निवासी आरके कॉलोनी और राहुल सेन (21) पुत्र विनोद सेन निवासी फलासिया के पांव में गोली लग गई। दोनों को डिटेन कर घायल होने पर महात्मा गांधी हॉस्पिटल भीलवाड़ा ले जाया गया। दोनों का इलाज जारी है।

दो आरोपियों की तलाश अभी जारी…

एसपी ने बताया कि 6 नवंबर की वारदात में 4 लोग शामिल थे। वारदात में और किसी के शामिल होने की जांच की जा रही थी। इसी बीच रविवार रात 2 आरोपी धरे गए। पुलिस अब 2 और आरोपियों की तलाश कर रही है।

जमीनी विवाद को लेकर आपसी रंजिश का मामला…

बता दें कि कोतवाली थाना क्षेत्र में शास्त्रीनगर नीलकंठ कॉलोनी में रहने वाली कांग्रेस नेता पुष्पा सुराणा और उनके पति विद्यासागर सुराणा पर 6 नवंबर को शाम 4 बजे घर में घुसकर 4 बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग जमीन विवाद और लेन-देन की रंजिश को लेकर की गई। हमला करने वाला मुख्य आरोपी बालूराम जाट इसी परिवार को दूध सप्लाई करता था।

सुराणा ने अपनी कोई जमीन किसी अन्य को बेच दी थी। इसको लेकर बालू जाट नाराज था। उसका कहना था कि जमीन उसकी है और उससे बिना पूछे कैसे बेच दी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच एकाध बार समझौता वार्ता भी हुई, लेकिन हल नहीं निकला। 6 नवंबर को अपने साथियों के साथ विद्यासागर सुराणा के घर पहुंचा, जहां बातचीत के दौरान विवाद होने पर उसके साथी कमलेश खाती ने गोली चला दी थी। हालांकि निशाना चूकने से गोली छत में घुस गई थी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए।