
जयपुर।
सेवारत डॉक्टरों और चिकित्सा मंत्री के बीच मंगलवार शाम 6 बजे से रात करीब 11 बजे तक चली वार्ता एक बार फिर बेनतीजा रही। हालांकि सरकार की ओर से आरएएस की जगह वरिष्ठ पद पर फिर से डॉक्टर लगाने सहित एक पारी के अस्पताल की मांग मानने की बात भी सामने आई। लेकिन अंत में जब सरकार और डॉक्टर बाहर निकले तो यही कहा कि वार्ता विफल रही।
पूरी वार्ता के दौरान बार बार नाटकीय घटनाक्रम भी सामने आया। 6 से 10 बजे तक करीब चार घंटे तक वार्ता चलने के बाद एक बार चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ और चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव वीनू गुप्ता बाहर आए और कहा कि सरकार मांगे मानने को तैयार है, लेकिन उसके बावजूद डॉक्टर काम पर नहीं लौटना चाहते। इसके बाद मंत्री और प्रमुख शासन सचिव अपनी गाड़ी तक चले गए।
कुछ ही देर में फिर से कुछ डॉक्टर पदाधिकारी मंत्री को वार्ता के लिए लेकर चले गए। इस दौरान सरकार की ओर से सहमति के बिंदुओं का एक पत्र भी दिया गया। इसके बाद करीब एक घंटे तक फिर वार्ता चली। लेकिन करीब 11 बजे फिर सभी बाहर निकले। डॉक्टरों ने सरकार पर मांगे नहीं मानने का आरोप लगाया।
आपका भरोसा नहीं, मुखिया को बुलाओ
अंदर बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार सेवारत चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ.अजय चौधरी ने कहा कि चिकित्सा मंत्री के आश्वासनों से डॉक्टर थक चुके हैं। अब तो मुखिया और वित्त सचिव की मौजूदगी में ही साइन होंगे। इसके चलते सहमति नहीं बन पाई।
नजर आए डॉक्टरों के दो गुट
वार्ता के दौरान डॉक्टरों के दो गुट फिर नजर आए। कुछ पदाधिकारी सरकार से सहमत होकर सामूहिक इस्तीफे वापस लेना चाहते थे। लेकिन अध्यक्ष अंत तक अड़े ही रहे।
हम अधिकाकंश मांगे पूरी करना चाहते हैं। डॉक्टर भी इससे सहमत हैं। बस इनके अध्यक्ष नहीं मानना चाहते।
-कालीचरण सराफ, चिकित्सा मंत्री
हमारी कोई मांग नहीं मानी गई। सामूहिक इस्तीफे जारी हैं।
-डॉ.अजय चौधरी, अध्यक्ष सेवारत चिकित्सक संघ
इन निजी अस्पतालों में फ्री ओपीडी
चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ ने बताया कि सेवारत चिकित्सकों के सामूहिक इस्तीफे को देखते हुए जयपुर के फोर्टिस एसकोर्ट हॉस्पिटल, नारायणा मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल, शाल्वी हॉस्पिटल, साकेत हॉस्पिटल, मनीपाल हॉस्पिटल व अजमेर के सेंट फ्रान्सिस हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम, घीसीवाई मेमोरियल मित्तल एंड रिसर्च सेंटर, क्षेत्रपाल हॉस्पिटल, आनंद हॉस्पिटल नानक मेमोरियल हॉस्पिटल, दौसा के श्री कृष्णा हॉस्पिटल, कट्टा हॉस्पिटल-बांदीकुई, मधुर हॉस्पिटल बांदीकुई व गोयल हॉस्पिटल-महुआ में मरीजों को निशुल्क ओपीडी की सेवाएं उपलब्ध करवायी जा रही है।
रेजिडेंट्स आज दो घंटे करेंगे पेन डाउन
जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स जार्ड ने सेवारत डॉक्टरों के सामूहिक इस्तीफे का समर्थन करते हुए बुधवार सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे का पेन डाउन बहिष्कार करने की घोषणा की है। जार्ड के अध्यक्ष डॉ.रवि जाखड़ ने बताया कि इस दौरान इमरजेंसी और गंभीर मरीजों को देखा जाएगा। लेकिन इसके अलावा डॉक्टर मरीजों को देखने में पेन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। यानि मरीजों को दवा नहीं लिखी जाएगी।
Published on:
08 Nov 2017 07:58 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
