2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में कुत्ते के साथ क्रूरता, बेरहमी से टांग पकड़कर गाड़ी में फेंका, निगम ने फर्म को थमा दी नोटिस

Dog Cruelty Jaipur: हीरापुरा बस स्टैंड के पास आवारा कुत्ते के साथ क्रूरता का वीडियो दिनभर वायरल होता रहा। वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है, जिसके वायरल होने के बाद नगर निगम प्रशासन बुधवार को हरकत में आया और संवदेक फर्म को नोटिस जारी कर कारण पूछा है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Apr 02, 2026

Dog Cruelty in Jaipur Viral Video Near HiraPura Bus Stand Sparks Outrage Civic Body Issues Notice to Firm

कुत्ते की टांग पकड़कर गाड़ी में फेंकता हुआ शख्स (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Dog Cruelty Jaipur HiraPura Bus Stand: राजस्थान की राजधानी जयपुर के हीरापुरा बस स्टैंड इलाके से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां आवारा कुत्तों को पकड़ने के नाम पर एक कर्मचारी ने बेजुबान जानवर के साथ इस कदर क्रूरता की कि उसका वीडियो देख हर कोई दंग रह गया।

बता दें कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना मंगलवार की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नगर निगम की ओर से अनुबंधित फर्म का एक कर्मचारी एक आवारा कुत्ते को पकड़ने के दौरान हद पार कर देता है।

कर्मचारी ने कुत्ते की टांग पकड़कर उसे हवा में बेरहमी से नचाया (गोल घुमाया) और फिर पूरी ताकत के साथ उसे निगम के वाहन में पटक दिया। इस दौरान कुत्ता दर्द से कराहता रहा, लेकिन कर्मचारी पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

निगम की कार्रवाई और फर्म पर शिकंजा

वीडियो बुधवार को जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पशु प्रेमियों और शहरवासियों ने इस पर कड़ा आक्रोश जताया। मामला बढ़ता देख जयपुर नगर निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पशु प्रबंधन शाखा के उपायुक्त ने स्नेह एनिमल वेलफेयर सोसायटी फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

अधिकारी का बयान

पशु प्रबंधन शाखा के अधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारी का यह व्यवहार पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय है और इसके लिए फर्म को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

पुराना ट्रैक रिकॉर्ड भी खराब

निगम द्वारा जारी नोटिस में केवल इसी घटना का जिक्र नहीं है, बल्कि फर्म की पुरानी लापरवाहियों को भी आधार बनाया गया है। नोटिस के अनुसार, इस फर्म ने पहले भी कानोता क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की थी, जो निविदा की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन था। निगम ने स्पष्ट किया है कि बार-बार नियमों की अनदेखी और पशुओं के प्रति ऐसा हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश

वीडियो वायरल होने के बाद जयपुर के एनिमल एक्टिविस्ट्स और पशु प्रेमियों ने दोषियों के खिलाफ केवल नोटिस ही नहीं, बल्कि पुलिस केस दर्ज कर सख्त सजा की मांग की है। विशेषज्ञों का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए सरकार ने विशेष गाइडलाइंस तय की हैं, जिसमें जाल का उपयोग और मानवीय तरीका अपनाना अनिवार्य है, लेकिन यहां उन सभी नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं।