
BJP विधायक गोपाल शर्मा (फोटो- पत्रिका)
MLA Gopal Sharma: जयपुर: सोडाला स्थित सुशीलपुरा क्षेत्र में पिछले दो महीने से जारी दूषित पानी की आपूर्ति ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। आलम यह है कि क्षेत्र का राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर है और जनता का सब्र टूट चुका है।
मंगलवार को जब सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा क्षेत्र का हाल जानने पहुंचे तो पीड़ित महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। हाथों में गंदे पानी से भरे गिलास लेकर महिलाओं ने तीखे स्वर में कहा- विधायक जी, सूंघने से कुछ नहीं होगा, इस पानी को पीकर देखो तब पता चलेगा कि हम किस नर्क में जी रहे हैं।
विधायक ने जब पानी की दुर्गंध महसूस की तो महिलाओं ने दो टूक शब्दों में अपनी पीड़ा बयां की। इस घटनाक्रम का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जो सिस्टम की संवेदनहीनता को उजागर कर रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में नई सड़क बनाने के दौरान लापरवाही से पेयजल लाइनें तोड़ दी गई, जो सीवरेज लाइन के संपर्क में आ गईं। पिछले 60 दिनों से घरों के नलों में बदबूदार और काला पानी सप्लाई हो रहा है।
स्थिति इतनी विकट है कि मोहल्ले के लगभग हर घर में बच्चे और बुजुर्ग उल्टी, दस्त और तेज बुखार की चपेट में हैं। शिकायत के बावजूद जलदाय विभाग ने न तो लाइनों को दुरुस्त किया और न ही वैकल्पिक तौर पर टैंकरों से साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की।
इस मुद्दे पर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी बुधवार को सुशीलपुरा का दौरा किया। उन्होंने सीधे तौर पर जलदाय विभाग और स्थानीय प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया।
खाचरियावास ने कहा कि बच्चे बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हैं, लेकिन अफसर सो रहे हैं। यदि जल्द ही पाइपलाइन ठीक नहीं हुई और जनता के नुकसान की भरपाई नहीं की गई, तो जलभवन का घेराव किया जाएगा।
लोगों ने दूषित पानी की समस्या बताई थी। महिलाओं ने गिलास में भरे पानी को चेक करने को कहा और यह सही है कि पानी दूषित था। लाइन टूटने से यह समस्या हुई है। बड़े लोग क्या आरोप लगा रहे हैं मैं इस सियासत में नहीं जाना चाहता। जल्द ही लोगों को राहत दिलाएंगे।
-गोपाल शर्मा, विधायक, सिविल लाइंस
Updated on:
02 Apr 2026 01:43 pm
Published on:
02 Apr 2026 09:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
