
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ और ओडिसा के फोनी का असर राजस्थान में नजर आएगा। मौसम में उलटफेर के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में लोगों को आंधी-तूफान का सामना करना पड़ेगा। पूर्वी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट रहेगी।
इधर, जयपुर में गुरुवार को तेज गर्मी रही। सुबह से चिलचिलाती धूप के कारण तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई। देर शाम तक लू का असर बना रहा। प्रदेश के चूरू में गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री और पिलानी में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री रहा।
फतेहपुर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री रहा। जयपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहने की संभावना है।
तीन दिन तक बदला रहेगा मौसम
मौसम में आगामी तीन दिन में उलटफेर रहेगा। प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के चूरू, गंगानगर और हनुमानगढ़ जिले के लिए चेतावनी जारी की है। 10 व 11 मई को चूरू, बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, जोधपुर, नागौर, जालौर में आंधी-तूफान आएगा। पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर में एक-दो स्थानों पर तेज हवा के साथ मौसम का मिजाज बदलेगा।
जोधपुर में पारा 40 डिग्री के नीचे
जोधपुर संभाग में तीन दिनों से चल रही तेज हवा के कारण गर्मी से राहत मिली। संभाग के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास आ गया। जोधपुर में तो दोपहर में पारा 38.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत में बादलों की हल्की आवाजाही के साथ कुछ हिस्सों में छींटे भी गिर सकते हैं। सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रहा।
सुबह से ही तेज हवा के झौंकों के कारण मौसम सामान्य बना रहा। धूप निकलने के बाद हवा में तपिश में बढ़ोतरी हुई लेकिन हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घण्टा तक होने की वजह से तापमान तेजी से ऊपर नहीं गया। धूप खिली होने के बावजूद तेज हवा राहगीरों को गर्मी से कुछ राहत दे रही थी। वहीं बाड़मेर-जैसलमेर में भी यही मौसम रहा। जैसलमेर में रात का तापमान 24.7 व दिन का 40.2 डिग्री रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 27.3 व अधिकतम 39.6 डिग्री मापा गया।
Updated on:
10 May 2019 08:55 am
Published on:
10 May 2019 08:54 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
