2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एटीएस बोली-काम खत्म, अब सीबीआई करे जांच

फर्जी हथियार लाइसेंस बनाने का मामला
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Priyanka Yadav

•

Updated: 12 Mar 2018, 3:33 PM IST

Jaipur News

जयपुर . बहुचर्चित फर्जी हथियार लाइसेंस मामले में अब राजस्थान एटीएस ने राज्य सरकार से सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। राजस्थान एटीएस का तर्क है कि जम्मू कश्मीर से बनाए गए फर्जी हथियार लाइसेंस में राजस्थान के अधिकांश लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में राजस्थान से जुड़े बाहरी लोगों को भी पकड़ा गया है। लेकिन राजस्थान एटीएस की जांच में सामने आया है कि जम्मू कश्मीर से अन्य कई राज्यों के बड़ी संख्या में लोगों ने सीधे फर्जी हथियार लाइसेंस बना हथियार प्राप्त कर लिए हैं। लेकिन राजस्थान एटीएस कानूनी दायरे के कारण अन्य राज्यों में कार्रवाई नहीं कर सकती है। इससे एक ही तरह के प्रकरण में राजस्थान के लोग जेल में हैं और अन्य स्टेट के लोग सरेआम घूम रहे हैं।

गैंग के 7 लोग गिरफ्तार, 31 ग्राहक पकड़े

राजस्थान एटीएस ने फर्जी हथियार प्रकरण के खुलासे के बाद गैंग में शामिल राजस्थान के जुबेर, पंजाब के विशाल आहूजा व बंटी बडेरा, जम्मू कश्मीर के राहुल ग्रोवर, सुनील शर्मा, दीपक और मध्यप्रदेश के मोहम्मद जफर को गिरफ्तार किया। इनसे मिले दस्तावेजों के आधार पर फर्जी हथियार लाइसेंस बना हथियार लेने वाला एक ग्राहक गुजरात का और राजस्थान के 30 ग्राहकों को पकड़ा। प्रकरण में गैंग के फरार अजमेर निवासी मोहम्मद उस्मान की तलाश एटीएस कर रही है। एटीएस ने आरोपित उस्मान पर 25 हजार रुपए का इनाम भी रखा है।

एडीजी ने लिखा पत्र

एटीएस-एसओजी के एडीजी उमेश मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के जरिए राज्य सरकार को प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने के लिए पत्र लिखा है। एटीएस ने दिल्ली सीबीआई मुख्यालय को इस संबंध में काफी संख्या में दस्तावेज भी उपलब्ध करवाए हैं। सीबीआई दस्तावेजों की जांच कर निर्णय करेगी कि फर्जी हथियार प्रकरण की जांच उसे करनी है या फिर सभी स्टेट पुलिस को ही मामला सौंपा जाए।

गृह विभाग में बैठक

गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने फर्जी हथियार प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग को लेकर पुलिस महानिदेशक ओपी गल्होत्रा, एटीएस एडीजी उमेश मिश्रा और गृह विभाग के आला अधिकारियों की सोमवार को बैठक भी रखी है।