
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार व राजस्थान के सीएम भजनलाल व डिप्टी सीएम दिया कुमारी। फोटो पत्रिका - ANI
Ajit Pawar Death : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन हो गया। इस दुर्घटना की जानकारी के बाद राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है। राजस्थान में सीएम भजनलाल शर्मा सहित विभिन्न पार्टियों के नेताओं तथा नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
राजस्थान में सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में निधन की सूचना अत्यंत दुखद और स्तब्धकारी है।
एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और समर्पित जनसेवक के रूप में उन्होंने महाराष्ट्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।
सीएम भजनलाल ने आगे लिखा कि उनका जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं उनके परिजनों, समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल पवार परिवार को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति!
इस सूचना के बाद राजस्थान की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने X पर लिखा कि बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिजनों व कार्यकर्ताओं को संबल प्रदान करें। ॐ शांति..
राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित अन्य जनों के असामयिक निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि !!
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटना में निधन हो गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अधिकारियों ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीएसआर एविएशन द्वारा संचालित निजी विमान लियरजेट 45 सुबह करीब पौने नौ बजे बारामती हवाई पट्टी पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस विमान में अजित पवार के साथ एक निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार विमान में सवार सभी पांच लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है।
अहमदनगर जिले के राहुरी तालुका के देवलाली प्रवरा में 22 जुलाई 1959 को जन्मे अजीत पवार महाराष्ट्र के एक प्रमुख राजनीतिक नेता थे, जिन्हें उनके समर्पण और गतिशील नेतृत्व के लिए जाना जाता था।
Updated on:
28 Jan 2026 12:20 pm
Published on:
28 Jan 2026 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
