जयपुर। पाकिस्तान की जेल में 36 साल बंद रहने के बाद वतन लौटे गजानंद शर्मा के चेहरे की मुस्कान रक्षाबंधन पर जैसे लौट आई। ब्रह्मपुरी स्थित घर में परिवार की सभी बहन-बेटियों ने उन्हें राखी बांधी। गजानंद की ब्यावर निवासी बहन कमला (90 ) ने डाक से राखी भिजवाई। भतीजी चन्द्रकांता ने यह राखी बांधी। पहली राखी बंधने पर गजानंद गंभीर हो गए। फिर पोती प्रियंका, निकिता, जानवी व मुस्कान ने राखी बांधी तो वे खिलखिलाकर हंसने लगे। परिजनों ने बताया कि पाक से आने के बाद वह पहली बार इस तरह हंसे हैं। अब तो वे जंतर-मंतर, हवामहल, सिटी पैलेस का भी नाम लेने लगे हैं। हालांकि पाकिस्तान की कालकोठरी में बंद रहने का असर अब भी उन पर देखने को मिल रहा है।