
Gehlot Minister Ramesh Meena insult Bikaner Collector Latest Update : बीकानेर कलक्टर से दुर्व्यवहार मामले को लेकर चौतरफा घिरे मंत्री रमेश मीणा अपने 'व्यवहार' को लेकर बरकरार हैं। इस गरमाये घटनाक्रम के बाद सामने आई मंत्री रमेश मीणा की प्रतिक्रया में वे 'सफाई' देते नज़र आए। उन्होंने कहा कि बीकानेर में महिला स्वयं सहायता समूह से संवाद कार्यक्रम चल रहा था। वे उन महिला लीडर्स को सम्बोधित कर रहे थे जो 85 हज़ार परिवारों से जुडी हुई हैं और कांग्रेस को वोट देती हैं।
मंत्री मीणा ने कहा कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वे महिला लीडर्स से सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और उससे जुड़े कार्यों के बारे में संवाद कर रहे थे। इसी दौरान कलक्टर कभी फोन पर बात कर रहे थे, तो कभी चैटिंग में व्यस्त थे। दो-तीन बार ऐसा देखने के बाद मैंने उन्हें बाहर चले जाने को कहा था। यही बात थी और कोई विशेष बात नहीं थी।
मंत्री रमेश मीणा ने आगे कहा कि संवाद के दौरान जब वे कलक्टर को वहां मौजूद महिलाओं के काम करने के निर्देश दे रहे थे, तब ना जाने किस व्यस्तता के चलते उन्हें एक तरह से इग्नोर कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मंत्रियों के निर्देशों का ध्यान रखना चाहिए।
मंत्री मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को ज़िले में जाकर सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन के मद्देनज़र लोगों की समस्याएं सुनने, फीडबैक लेने और अफसरों से काम करवाने के निर्देश दिए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुनवाई हम नहीं करेंगे तो और कौन करेगा?
मंत्री ने कलक्टर को फटकारा
सरकार के कुछ मंत्री और ब्यूरोक्रेसी के बीच चल रहा विवाद सोमवार को फिर सामने आ गया। यहां रवींद्र रंगमंच पर महिला स्वयं सहायता समूह से संवाद कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री रमेश चंद मीणा ने कलक्टर की तरफ इशारा करते हुए ब्यूरोक्रेट्स को कोसा।
मंच पर कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल भी बैठे थे। मंत्री के संबोधन के दौरान कॉल आने पर कलक्टर ने मोबाइल कान पर लगा लिया। ऐसा देख मंत्री ने अपने संबोधन को दूसरी तरफ मोड़ते हुए कहा-सरकार का निर्देश है... सीएम का निर्देश है...हमारी बात क्यों नहीं सुन रहे...क्या ब्यूरोक्रेट्स इतने हावी हैं इस स्टेट में...सुनते नहीं हैं बात को। इस पर कलक्टर बोले-मैं चला जाता हूं...। मंत्री ने भी कह दिया- आप जाइए यहां से। कलक्टर के सीट से उठकर जाने के दौरान मंत्री ने फिर कहा कि यह क्या तरीका है...।
ये भी पढ़ें: ... तो क्या Sachin Pilot के लिए Vijay Bainsla ने छोड़ा था चुनावी मैदान? पढ़ें बड़ी खबर
ऐसी घटनाएं नौकरशाही का मनोबल गिराने के साथ ही सरकार की छवि को भी धूमिल करती हैं। -डॉ.समित शर्मा, सचिव, राजस्थान आइएएस एसोसिएशन
आइएएस एसोसिएशन की नाराजगी राज्य में कांस्टिट्यूशनल क्राइसिस होने की ओर इशारा कर रही है। सरकार, अधिकारियों को अपमानित कर रही है। -राजेन्द्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष
एसोसिएशन ने सीएम-सीएस को लिखा पत्र
जयपुर. राज्य की ब्यूरोक्रेसी और मंत्रियों में बढ़ते टकराव के बीच राजस्थान आइएएस एसोसिएशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्य सचिव उषा शर्मा को पत्र लिखकर कुछ जनप्रतिनिधियों व मंत्रियों पर स्वप्रचार के लिए कुछ आइएएस अधिकारियों को जानबूझकर टारगेट करने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन के सचिव डॉ.समित शर्मा की ओर से लिखे गए पत्र के अनुसार उच्च पदों पर रहने के बावजूद जनप्रतिनिधि इस तरह की अनुचित टिप्पणियां कर रहे हैं।
मंत्री रमेश मीणा पर कलक्टर के लिए अपमानजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए एसोसिएशन ने कहा कि कलक्टर उस समय अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे। पहले यही मंत्री अलवर में भी जिला कलक्टर के लिए अपमानजनक टिप्पणी कर चुके हैं।
Updated on:
22 Nov 2022 02:20 pm
Published on:
22 Nov 2022 02:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
