
Bisalpur Dam: जयपुर। बीसलपुर बांध में इन दिनों मानसून फुल मेहरबान है। बांध में पिछले 12 दिन से नॉन स्टॉप पानी की आवक बनी हुई है। पिछले 12 दिन में 12 सेमीमीटर पानी की आवक हो गई है। इधर त्रिवेणी नदी भी बह रही है। यहां का पानी भी बांध में आ रहा है। सिंचाई विभाग के अनुसार बीसलपुर बांध में जून माह में इतना पानी आ गया है कि जयपुर, अजमेर व टोंक जिलों में आसानी से दस दिन तक पानी की सप्लाई की जा सकती है।
16 जून को बांध का जलस्तर 312.45 आरएल मीटर था, जो अब 27 जून की सुबह तक बढ़कर 312.57 आरएल मीटर तक पहुँच गया है। इसका अर्थ है कि मात्र 12 दिनों में 12 सेमी की वृद्धि दर्ज की गई। बीसलपुर बांध की कुल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है और वर्तमान में यह अब तीन मीटर से भी कम खाली रह गया है।
| तारीख | जल स्तर (आरएल मीटर) |
|---|---|
| 16 जून | 312.45 |
| 21 जून | 312.47 |
| 24 जून | 312.50 |
| 25 जून | 312.52 |
| 26 जून | 312.55 |
| 27 जून | 312.57 |
भीलवाड़ा और टोंक जिलों में अच्छी बारिश के चलते त्रिवेणी नदी में जल प्रवाह जारी है। पहले जहां इसका गेज 2.40 मीटर तक था, अब घटकर दो मीटर रह गया है। बावजूद इसके नदी का जल बहाव अभी भी बीसलपुर को राहत दे रहा है।
बीसलपुर बांध अब तक सात बार पूर्ण रूप से भर चुका है। पहली बार वर्ष 2004 में यह लबालब हुआ था, और पिछली बार 6 सितंबर 2024 को इसकी भराव क्षमता पूरी हुई थी। यदि इस बार भी वर्षा ऐसे ही बनी रही तो यह आठवीं बार होगा जब बांध पूरी तरह भर जाएगा।
Updated on:
27 Jun 2025 12:26 pm
Published on:
27 Jun 2025 12:26 pm
