
जयपुर। बजरी खनन पर रोक के कारण उपजी बजरी की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बजरी नहीं होने का हवाला देते हुए शहर में ठेकेदारों ने कई जगह नगर निगम के निर्माण कार्य बंद कर दिए हैं। ऐसे में पिछले करीब चालीस दिन से ये निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं और लोग परेशान हो रहे हैं।
मालवीय नगर के सेक्टर 9 में जवाहर सर्किल थाने के सामने कॉलोनियों की करीब 3 सड़कों का निर्माण कार्य निगम के ठेकेदारों ने बीच में ही छोड़ दिया है। ऐसे में कॉलोनियों की हालत ग्रामीण इलाके जैसी हो गई है। जगह-जगह खुदी मिट्टी और रास्ते में बिखरी रोड़ी लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि नवम्बर की शुरुआत में नई सीमेंट सड़क बनाने का काम शुरू हुआ था। पहले सड़क खोदने के नाम पर पूरी कॉलोनी की पाइप लाइनें तोड़ दी गईं, जिससे लोग परेशान रहे। फिर जैसे-तैसे इससे राहत मिली तो 13 नवम्बर को ठेकेदार ने यह कहते हुए काम बंद कर दिया कि बजरी नहीं है। लोग निगम अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके लेकिन कोई हल नहीं निकल पा रहा।
चौखटियों से निराश लौट रहे मजदूर
बजरी की किल्लत का असर मजदूरों की चौखटियों पर भी पड़ा है। निर्माण कार्य रुकने से मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है। मालवीयनगर में सेक्टर तीन और जगतपुरा में लगने वाली चौखटियों पर पिछले करीब एक माह में रोजाना 50 मजदूर भी काम हासिल नहीं पा रहे हैं। जबकि पहले रोजाना 400 मजदूरों को यहां दिहाड़ी मिल रही थी। मजदूरी के लिए टोंक से आकर झालाना में रह रहे लालराम ने बताया कि उसे 15 दिन से काम नहीं मिला है। सभी मजदूर सुबह से दोपहर 3 बजे तक चौखटी पर काम की तलाश में बैठे रहते हैं लेकिन निराशा ही हाथ लग रही है।
बजरी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य रुके हुए हैं। लोग शिकायत लाए थे लेकिन लेकिन हल नहीं निकल पा रहा है।
- तरुण सिन्हा, अधिशासी अभियंता, सांगानेर जोन, नगर निगम
Published on:
28 Dec 2017 05:50 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
