
DLC Rate Hike In Jaipur: जयपुर जिले में आवासीय और व्यावसायिक भूमि की डीएलसी दर नए सिरे से लागू कर दी गई है। कुछ स्थानों पर 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जिसमें दिल्ली रोड भी शामिल है। सर्वाधिक उछाल दिल्ली बाइपास पर कूकस से चंदवाजी के बीच आया है।
यहां कई गांवों और उनसे जुड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में आवासीय भूमि की डीएलसी दर 48 प्रतिशत तक बढ़ा दी गई है। राहत की बात यह है कि कई स्थानों पर डीएलसी दर में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। प्रॉपर्टी से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली बाइपास पर एक्सप्रेस हाइवे 14 नंबर पुलिया से दौलतपुरा होते हुए चंदवाजी और आमेर से आगे कूकस, अचरोल, चंदवाजी तक के इलाके में तेजी से विकास हो रहा है।
यहां शिक्षा हब से लेकर चिकित्सा क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। इससे यहां आबादी भी बढ़ रही है। द डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महासचिव अखिलेश जोशी ने बताया कि पहले रजिस्ट्री में स्टाम्प ड्यूटी एक लाख रुपए लगती थी, जो अब बढ़कर डेढ़ लाख रुपए तक हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि डीएलसी दर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा बढ़ाई गई है।
मुद्रांक एवं पंजीयन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कूकस से चंदवाजी के बीच हर प्रमुख आबादी वाले क्षेत्र में डीएलसी दर में 25 प्रतिशत से लेकर अधिकतम 48 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। जैतपुरा खींची, जुगलपुरा, चंदवाजी, दौलतपुरा, गुणवत्ता, और चितानु के आसपास भूमि की कीमतों में वृद्धि हुई है।
नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे और मेगा हाइवे पर हाइवे से 500 मीटर तक कृषि भूमि की डीएलसी दर की तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। हाइवे से 0-100 मीटर दूरी तक अलग रेट, 101 से 200 मीटर तक अलग और 201 से 500 मीटर तक अलग दरें लागू होंगी। कृषि भूमि की डीएलसी की गणना हेक्टेयर में की जाएगी।
Updated on:
11 Dec 2024, 10:06 AM IST
Published on:
11 Dec 2024, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.