
रेप पीडिता की सास से बातचीत करते हुए नेता
Jaipur Gang Rape news: राजधानी जयपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरमाड़ा थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लग रहे हैं कि उन्होनें रेप पीड़िता का केस दर्ज नहीं किया और न ही उसका मेडिकल ही कराया। इस मामले में अब हंगामा हो रहा है। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में पीड़िता से मिलने के लिए भाजपा प्रत्याशी दिया कुमारी और कार्यकर्ता पहुंचे हैं। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
दिया कुमारी ने बताया कि करीब 45 साल की एक महिला अपनी सास के साथ कल शाम सब्जी लेने के लिए बाजार गई थी। महिला मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ है, इस कारण महिला की सास हमेशा उसके साथ रहती है। कल शाम वह सब्जी लेकर लौट रही थी तो इस दौरान एक बस वहां आकर रूकी। बस में बैठे कुछ लोगों ने सास के सामने ही उस महिला को बस में खींच लिया और बस दौड़ा दी। सास ने इस बारे में परिवार के लोगों को सूचना दी। पीड़िता का पति जब थाने गया तो पुलिस ने कही कि महिला अपने आप लौट आएगी। उसके बाद आज सवेरे पीडिता को उसके घर के नजदीक सुनसान क्षेत्र में फेंक दिया गया। आरोप है कि उसके साथ गैंगरेप किया गया और उसे जबरन नशा कराया गया। दबाव के बाद आज सवेरे पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है। अब केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। उधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इस मामले में सबसे बड़ी बात ये है कि पार्टी की प्रत्याशी के सामने ही कानून की धज्जियां उड़ गई। दरअसल रेप पीडिता या उसके परिवार की पहचान उजागर करना ऑफेंस है, लेकिन नेताओं ने रेप पीडिता की सास - ससुर के मुंह पर ही माइक लगा दिया और उनका इंटरव्यू ठोक दिया। जबकि ये मामले इतने संवेनदशील है कि मीडिया तक में पीडित पक्ष के बारे में सिर्फ थाने इलाके की जानकारी जाती है। गली, मौहल्ला या कस्बे तक का नाम नहीं जाता। अब यह मामला उल्टा भी पड़ सकता है।
Published on:
17 Nov 2023 12:14 pm
