
फाइल फोटो
जयपुर। प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 7 अप्रेल को जारी तात्कालिक चेतावनी में कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। आगामी 2 घंटों के भीतर अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सवाई माधोपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज मेघगर्जन, हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कच्चे घर, दीवारें, बिजली के खंभे, पेड़-पौधे और खड़ी फसलें प्रभावित हो सकती हैं। लोगों को मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
वहीं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, झुंझुनूं, पाली, अजमेर, भीलवाड़ा, करौली, बूंदी, कोटा, बारां, टोंक, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। प्रशासन को भी संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें सबसे अधिक 42.2 मिमी बारिश फलोदी में रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आज 7 अप्रेल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इस दौरान जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 30 से 50 मिमी तक बारिश दर्ज हो सकती है। साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। विभाग के अनुसार, 8 अप्रेल को भरतपुर और जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
Published on:
07 Apr 2026 04:29 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
