
फाइल फोटो- पत्रिका
जयपुर। राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर लगातार बना हुआ है। आज कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है, जिससे आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र की ओर से जारी तात्कालिक चेतावनी के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने वाला है। विभाग ने आगामी तीन घंटों के भीतर जयपुर, दौसा, टोंक, अलवर, सीकर, अजमेर, झुंझुनूं समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं नागौर, चूरू, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, पाली, राजसमंद, हनुमानगढ़ और उदयपुर जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान का खतरा बना हुआ है।
वहीं नागौर जिले के डेगाना इलाके के साथ धनारी कलां, ढेहरू, सांजू और चुई गांवों में देर रात तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे ईसबगोल समेत रबी की कई फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गईं। डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना क्षेत्र के मनाना और गच्छीपुरा इलाकों में भी ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। प्रशासन अब प्रभावित खेतों का सर्वे कर नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कोटा में सबसे ज्यादा 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि अलवर जिले के कोटकासिम में 5 एमएम और टपूकड़ा में 3 एमएम वर्षा हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। आंधी और बारिश के असर से दिन के तापमान में भी स्पष्ट कमी देखी गई।
यह वीडियो भी देखें
सीकर, चूरू, पिलानी, जयपुर, फतेहपुर, झुंझुनूं, अलवर और कोटा सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक नीचे आ गया। कोटा और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार यह सक्रिय मौसम प्रणाली अभी कुछ दिन और असर दिखाएगी। अप्रेल के पहले सप्ताह तक प्रदेश में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि अगले दो से तीन दिनों में इसका प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इसके बाद तापमान फिर से बढ़ेगा और गर्मी तेज होने के संकेत हैं।
Published on:
31 Mar 2026 04:06 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
