
जयपुर। सरकार के कामकाज की जमीनी हकीकत जानने और सरकार कैसे रिपीट हो, इस मुद्दों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सुझाव लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के तल्ख तेवर नजर आए। पार्टी में चल रही बयानबाजी और मंत्री राजेंद्र गुढ़ा की ओर से दिए गए बयान के बाद प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के तल्ख तेवर हैं।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कांग्रेस कार्यशाला में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के तमाम नेताओं-कार्यकर्ताओं के मौजूदगी में कहा कि पार्टी में इस तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं होगी, अगर कोई तुर्रम खां है तो अपनी गलतफहमी निकाल लें, नहीं तो मैं निकाल दूंगा।
मैं पंजाब से यूं ही नहीं आया हूं, मैं राजस्थान में सरकार रिपीट कराने आया हूं, राजस्थान में माहौल कांग्रेस के पक्ष में हैं और मुझे ऐसी ही कांग्रेस चाहिए। प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के इस बयान को पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा के बयान पर पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। हाल ही में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को ही छठी का दूध याद दिलाने वाला बयान दिया था।
रंधावा कहा कि मेरे लिए रिश्ते कोई अहमियत नहीं रखते हैं, मेरे लिए पार्टी सर्वोपरि है और जो भी पार्टी के खिलाफ काम करेगा उस उस पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। रंधावा ने मंच की ओर मुखातिब होते हुए भी मंच पर बैठे तमाम नेताओं से भी इस पर सहयोग देने की बात कही।
अच्छा काम करने वालों को मिलेगा टिकट
वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 15 दिन में संगठन का विस्तार हो जाएगा। पीसीसी और डीसीसी का विस्तार हो जाएगा, प्रदेश प्रभारी रंधावा दिल्ली में पीसीसी और डीसीसी की कवायद में जुटे हुए हैं, साथ ही प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी की ओर से प्रत्याशियों को लेकर सर्वे करवाया जाएगा जो लोकप्रिय होगा और अच्छा काम करेगा उसे ही टिकट मिलेगा नहीं तो जीते हुए विधायकों के भी टिकट काट दिए जाएंगे।
इससे पहले कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, कुलदीप इंदौरा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर चंद्रभान, बीडी कल्ला मंच पर नजर आए तो ही पूर्व सांसद, पूर्व विधायक , पूर्व मंत्री, मंत्री-विधायक, बोर्ड निगमों के चेयरमैन, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष और स्थानीय निकाय और पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल हुए कार्यशाला में 24 अप्रेल से शुरू हो रहे महंगाई राहत शिविर को लेकर भी चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई कि शिविरों के जरिए किस प्रकार जनता को राहत मिल सकती है।
वीडियो देखे-हम वोट के लिए नहीं करते राजनीति' | Politics | Rajasthan Patrika
Updated on:
19 Apr 2023 04:50 pm
Published on:
19 Apr 2023 04:49 pm
