
Jaipur: युवक की बांध में तलाश करती टीम व पोस्टमार्टम हाउस की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए दूदू क्षेत्र के छापरवाड़ा बांध पहुंचे 27 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। युवक शनिवार शाम नहाने के लिए बांध में उतरा था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। दोस्तों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई। करीब 12 घंटे बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक का शव पानी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र स्थित गिरधारीपुरा निवासी विकास (27) पुत्र कालूराम हरिजन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी छापरवाड़ा बांध पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार विकास जयपुर शहर से अपने पांच दोस्तों अनिल, महेंद्र, हनुमान, राहुल और दीपक के साथ शनिवार को छापरवाड़ा बांध घूमने आया था। सभी दोस्त बांध पर समय बिता रहे थे। इसी दौरान विकास नहाने के लिए पानी में उतर गया। वह कुछ देर बाद भी वापस नहीं लौटा तो दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई।
विकास के पानी से बाहर नहीं आने पर उसके साथियों ने बांध में आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दूदू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय स्तर पर युवक की तलाश कराई, लेकिन अंधेरा होने और पानी की गहराई के कारण शव नहीं मिल सका।
इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम छापरवाड़ा बांध पहुंची और पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद विकास के शव को पानी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की और परिजनों को सूचना दी।
दूदू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक रिपोर्ट दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Updated on:
09 Aug 2026 04:24 pm
Published on:
09 Aug 2026 04:24 pm
