
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका)
Youth Employment: जयपुर. राजस्थान सरकार ने प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा और दूरदर्शी कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 12 जनवरी को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया गया, जिसकी विस्तृत गाइडलाइन अब उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा जारी कर दी गई है।
जल्द ही इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के एक लाख युवाओं को उद्यमी बनाकर रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि योजना के तहत विनिर्माण, सेवा और व्यापार क्षेत्र में सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा ऋण पर शत-प्रतिशत ब्याज का पुनर्भरण किया जाएगा।
इसके अलावा 50 हजार रुपये तक की मार्जिन मनी तथा CGTMSE शुल्क के पुनर्भरण का भी प्रावधान रखा गया है। इससे युवाओं को बिना वित्तीय बोझ के अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलेगा।
योजना के तहत 8वीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र के लिए 3.5 लाख रुपये और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के लिए 7.5 लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा, साथ ही 35 हजार रुपये तक की मार्जिन मनी दी जाएगी।
वहीं स्नातक, आईटीआई एवं उच्च योग्यता वाले युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 5 लाख रुपये और मैन्युफैक्चरिंग में 10 लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा, जिसमें 50 हजार रुपये तक की मार्जिन मनी शामिल है। यह योजना युवाओं को स्वरोजगार के साथ-साथ दूसरों को रोजगार देने के लिए भी प्रेरित करेगी।
✔️ एक लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य
✔️ 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण
✔️ सरकार द्वारा 100% ब्याज पुनर्भरण
✔️ 50 हजार रुपये तक मार्जिन मनी
✔️ CGTMSE शुल्क की प्रतिपूर्ति
✔️ सेवा, व्यापार और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर शामिल
✔️ 8वीं–12वीं पास: 3.5 से 7.5 लाख तक ऋण
✔️ स्नातक / आईटीआई: 5 से 10 लाख तक ऋण
✔️ स्वरोजगार के साथ रोजगार सृजन
✔️ ग्रामीण व शहरी युवाओं को समान अवसर
Updated on:
17 Jan 2026 09:27 pm
Published on:
17 Jan 2026 09:27 pm
