
दुबई-आबूधाबी-शारजाह से जयपुर आना महंगा (फोटो-एआई)
जयपुर: अमेरिका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात का असर अब हवाई किरायों पर भी साफ दिखने लगा है। खाड़ी देशों से जयपुर आने का किराया एक लाख रुपए से ऊपर पहुंच गया है।
ऐसे में वहां फंसे लोगों के लिए घर लौटना आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है। परिवार के साथ रह रहे या घूमने गए लोगों के लिए यह स्थिति बड़ी परेशानी बन गई है। 28 फरवरी को हमले के बाद दुबई का एयरस्पेस बंद कर दिया गया था, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुआ।
हालांकि, अब उड़ानें शुरू हो चुकी हैं, लेकिन संख्या सीमित है। इसके कारण दुबई, आबूधाबी और शारजाह से जयपुर आने वाली फ्लाइट्स के किराए में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। सामान्य दिनों में इन शहरों से जयपुर आने का किराया 15 से 30 हजार रुपए तक रहता था, लेकिन मौजूदा हालात में यह बढ़कर 50 हजार से लेकर 1 लाख 20 हजार रुपए तक पहुंच गया है।
सीमित सीटों और कम उड़ानों के कारण टिकट मिलना भी मुश्किल हो गया है। दुबई और आसपास के देशों में कामकाज के सिलसिले में रह रहे जयपुर और प्रदेश के लोगों को भारत लौटने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, जयपुर से बाहर जाने वाली टिकटों पर ऐसा असर नहीं है।
ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, दुबई एयरस्पेस और मिडिल ईस्ट के हालात का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। कई एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल बदले हैं, जबकि कुछ ने उड़ानों को अस्थायी रूप से सीमित कर दिया है।
मांग अधिक और सीटें कम होने से किराए में भारी उछाल आया है। कुछ लोग ग्रुप में चार्टर फ्लाइट्स बुक करवा रहे हैं तो कई लोग दिल्ली, मुंबई या कोलकाता की टिकट लेकर भी घर पहुंच रहे हैं।
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई, शारजाह और आबूधाबी की फ्लाइट को लेकर यात्रियों में असमंजस बना हुआ है। 1 मार्च से 6 मार्च तक इन देशों से जयपुर के लिए न तो कोई फ्लाइट आई और न ही यहां से गई। नियमित उड़ानें कब शुरू होंगी, इस पर भी स्पष्ट स्थिति नहीं है।
Updated on:
07 Mar 2026 07:32 am
Published on:
07 Mar 2026 07:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
