1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

5,000 साल पुरानी ‘मधुशाला’… जहां कभी छलकते थे ‘जाम’

इराक में खुदाई में मिले सबूत : 'रेफ्रिजरेटर' का भी होता था इस्तेमाल

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Aryan Sharma

Feb 16, 2023

5,000 साल पुरानी 'मधुशाला'... जहां कभी छलकते थे 'जाम'

5,000 साल पुरानी 'मधुशाला'... जहां कभी छलकते थे 'जाम'

बगदाद. आपको यह जानकर ताज्जुब होगा कि पब और रेस्तरां का चलन हजारों साल से है। दरअसल, दक्षिण इराक में पुरातत्त्वविदों ने पांच हजार साल पुराने पब रेस्तरां की खोज की है। इससे उस वक्त के लोगों के जीवन के बारे में जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। अमरीका और इटली के वैज्ञानिकों की टीम ने इराक के नासिरियाह के उत्तर-पूर्व में प्राचीन शहर लेगैश (Lagash) के खंडहरों में इस पब का पता लगाया है। यह शहर सुमेरियन सभ्यता के लिए जाना जाता है। यहां खुदाई के दौरान सुमेरियन सभ्यता के कई प्रमाण मिलते हैं। पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी और पीसा यूनिवर्सिटी की संयुक्त टीम ने एक पुराने रेफ्रिजरेशन सिस्टम और बहुत बड़े ओवन (चूल्हे) को खोजा है। वहीं आसपास खाने-पीने के लिए बेंच और करीब 150 बर्तन मिले हैं। यहां पर मछली और जानवरों की हड्डियां भी पाई गईं। इसके अलावा शराब पीने के सबूत भी मिले।

इस जगह पर खाने-पीने के लिए नियमित आते थे लोग
प्रोजेक्ट डायरेक्टर होली पिटमैन ने बताया, 'यहां एक 'रेफ्रिजरेटर' मिला है। इसके अलावा सैकड़ों बर्तन पाए गए हैं। रेफ्रिजरेटर के पीछे ही एक बड़ा चूल्हा था, जिसका इस्तेमाल खाना बनाने के लिए किया जाता था। इससे पता लगता है कि यह ऐसी जगह थी, जहां लोग नियमित तौर पर आते थे। वे यहां खाते थे और शराब पीते थे। हालांकि यह स्पष्ट है कि यह किसी का घर नहीं था।' उन्होंने कहा, सुमेरियन सभ्यता के लोगों के लिए बीयर बहुत ही आम पेय हुआ करता था। लोग पानी से ज्यादा बीयर पीते थे।

खेती होती थी, मछली भी पकड़ते थे
दक्षिण इराक में सुमेरियन सभ्यता के प्रमाण बताते हैं कि यह उन जगहों में थी, जहां खेती की शुरुआत हुई और लोग घर बनाकर रहने लगे। लेगैश इलाके में बागवानी की जाती थी। साइट पर यूएस-इतावली टीम के साथ काम करने वाले इराकी पुरातत्त्वविद बाकर अजाब वली ने कहा, यहां खेती करने के साथ ही लोग मछली भी पकड़ते थे। यही नहीं, व्यापार भी होता था। खुदाई के दौरान के सैंपल इकट्ठे किए गए हैं और अब डीटेल शोध किया जाएगा।