
Jaipur Railway News: जयपुर. उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में जयपुर-रेवाड़ी रेलखंड पर चल रहे आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज) लॉन्चिंग कार्य के कारण कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा खैरथल-पड़ीसल स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या 95 तथा पड़ीसल-अलवर स्टेशनों के मध्य समपार फाटक संख्या 106 पर आरयूबी लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते 9 और 10 मई 2026 को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें।
सबसे प्रमुख बदलावों में भुज-बरेली एक्सप्रेस, जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत और बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें शामिल हैं। गाड़ी संख्या 14322 भुज-बरेली एक्सप्रेस 9 मई को फुलेरा-जयपुर-अलवर-रेवाड़ी मार्ग के बजाय फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी होकर चलेगी। इस दौरान ट्रेन रींगस, नीमकाथाना, नारनौल और अटेली स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव करेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 26481 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस 10 मई को जयपुर-रींगस-रेवाड़ी मार्ग से संचालित होगी। वहीं बाड़मेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस और जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस को डेगाना-रतनगढ़-लोहारू-रेवाड़ी मार्ग से चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर और लोहारू स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
बरेली-भुज एक्सप्रेस, देहरादून-ओखा एक्सप्रेस, पोरबंदर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस और दिल्ली-साबरमती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन भी रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा मार्ग से किया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली कैंट-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन भी परिवर्तित मार्ग से होगा।
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस को भी जोधपुर-डेगाना-रतनगढ़-लोहारू-रेवाड़ी मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन मेडता रोड, डेगाना, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर और लोहारू स्टेशनों पर रुकेगी। वहीं चंडीगढ़-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस का संचालन भी परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आरयूबी निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर यातायात और अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा। हालांकि फिलहाल यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे रेलवे हेल्पलाइन, स्टेशन सूचना प्रणाली या आधिकारिक ऐप के माध्यम से ट्रेन की ताजा जानकारी लेते रहें।
Updated on:
08 May 2026 04:51 pm
Published on:
08 May 2026 04:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
