
इंस्टाग्राम पर वीडियो डालते ही पुलिस ने साकिब को तलाशा और अरेस्ट कर लिया
Jaipur Police Action: राजधानी जयपुर में सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत युवाओं को किस कदर खतरे में डाल रही है, इसका एक ताजा मामला ब्रह्मपुरी इलाके में सामने आया है। इंस्टाग्राम पर 'लाइक्स' और 'फॉलोअर्स' बटोरने के लिए एक युवक ने सरेराह ब्लैक स्कॉर्पियो से जानलेवा स्टंट किए। वीडियो वायरल होते ही जयपुर की उत्तर जिला पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा था। इस वीडियो में एक युवक अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज रफ्तार में चला रहा था। हद तो तब हो गई जब उसने चलती गाड़ी का दरवाजा खोल दिया और बाहर लटक कर खतरनाक करतब दिखाने लगा। यह स्टंट न केवल उस युवक के लिए जानलेवा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर रहा था। वीडियो के बैकग्राउंड में बज रहे म्यूजिक और युवक के अंदाज से साफ था कि यह सब केवल सोशल मीडिया पर रील डालने के मकसद से किया गया था।
मामला डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद थानाधिकारी (ब्रह्मपुरी) हेमंत जगनाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से उस इंस्टाग्राम हैंडल का पता लगाया जिससे वीडियो पोस्ट किया गया था।
जांच में सामने आया कि स्टंट करने वाला युवक साकिब खान (24) पुत्र अब्दुल लतीफ है, जो ब्रह्मपुरी के रामगढ़ मोड़ स्थित फातिमा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने शनिवार दोपहर को साकिब के ठिकाने पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो को भी मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत जब्त कर लिया है।
जयपुर पुलिस का कहना है कि शहर की सड़कों को 'स्टंट ग्राउंड' बनाने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस अब उन प्रोफाइल्स पर भी नजर रख रही है जो इस तरह के खतरनाक कंटेंट को बढ़ावा देते हैं। आरोपी साकिब के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं और एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने शहर के युवाओं को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रील बनाने के चक्कर में अक्सर युवा कानून का उल्लंघन करते हैं, जिससे उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज हो जाती है। एक बार आपराधिक रिकॉर्ड बनने के बाद भविष्य में सरकारी नौकरी या पासपोर्ट बनवाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
Published on:
19 Apr 2026 08:54 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
