
Rajasthan Police Viral Poster Pic
Baccha Hai Tu Mera Poster Viral: पूरे देश में धुरंधर-2 ने गदर मचा रखा है। बॉक्स ऑफिस हिला हुआ है और फिल्म जमकर पैसा कमा रही है। लगभग हर वर्ग के लोग इसे इतना पसंद कर रहे हैं कि सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आई हुई है। इस बाढ़ में राजस्थान पुलिस ने भी अपनी मौजूदगी जमाई है और वाहन चालकों को फिल्म की मदद से सड़क सुरक्षा का ज्ञान देने का प्रयास किया है। सोशल मीडिया पर जो पोस्टर पुलिस ने डाला है, वह जमकर वायरल हो रहा है और पसंद किया जा रहा है।
फिल्म के एक मजबूत किरदार राकेश बेदी हैं, जो कि फिल्म में जमील जमाली नाम के एक शख्स का किरदार निभा रहे हैं। उनका पैट डायलॉग है कि बच्चा है तू मेरा…। इसी डायलॉग को राजस्थान पुलिस भुना रही है। सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्टर में पुलिस ने जमील जमाली के डायलॉग के साथ शराब और ट्रैफिक लाइट्स का इस्तेमाल करते हुए लिखा है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे शराब पीकर जरा भी वाहन नहीं चलाएं, साथ ही सिग्नल तोड़ने के खतरों को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है। संदेश साफ है कि छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियों को खतरे में डाल सकती है। हर वाहन चालक का परिवार होता है और वह अपने माता-पिता के लिए बच्चा ही होता है।
राजस्थान पुलिस का यह अभियान पारंपरिक चेतावनियों से हटकर है। इसमें सख्त नियमों की बजाय भावनात्मक जुड़ाव पर जोर दिया गया है। पोस्टरों में जिंदगी की कीमत ज्यादा है और परिवार इंतजार कर रहा है जैसे संदेश देकर लोगों को सोचने पर मजबूर किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अभियान लोगों पर गहरा असर डालते हैं, क्योंकि ये सीधे उनकी भावनाओं से जुड़ते हैं। सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना इस अभियान की खासियत है। यूजर्स इसे पसंद भी कर रहे हैं।
पुलिस का उद्देश्य है कि लोग केवल चालान के डर से नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें। खासतौर पर युवाओं को ध्यान में रखते हुए इस तरह की भाषा और संदेश तैयार किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में राजस्थान पुलिस और प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है। बड़ी संख्या में यूजर्स जुड़े हुए हैं। राजस्थान पुलिस के फेसबुक पेज पर दो लाखसे ज्यादा और सोशल मीडिया एक्स प्लेटफार्म पर 9 लाख 80 हजार के करीब फॉलोअर हैं। हर जिले की पुलिस के फॉलोअर की संख्या अलग से है।
Published on:
29 Mar 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
