
photo AI
Jaipur Traffic: जयपुर. राजधानी जयपुर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं समिति अध्यक्ष संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, ब्लैक स्पॉट्स सुधार, मानसून पूर्व तैयारियों तथा ट्रैफिक नियमों की प्रभावी पालना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन एवं रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल की प्रभावी पालना सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका गंभीरता से क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं दुर्घटनारहित बनाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए चयनित 15 स्थानों की सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसके साथ ही यादगार से सीतापुरा तक आदर्श मार्ग विकसित करने के लिए जेडीए, पुलिस और नगर निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इस मार्ग को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाए ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। जयपुर शहर में “फ्री लेफ्ट” व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही फूड वैन एवं अन्य मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं की जांच समिति द्वारा दिए गए सुझावों पर विभागवार कार्यवाही की जानकारी ली गई।
मानसून सीजन को देखते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां जलभराव की समस्या बनती है वहां त्वरित जल निकासी सुनिश्चित की जाए तथा नालों की नियमित सफाई करवाई जाए। उन्होंने सड़कों पर गड्ढों को प्राथमिकता से भरने और सड़क कटिंग कार्यों में विभागीय समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग रोकने, पर्याप्त रोशनी एवं साइनेज सुनिश्चित करने तथा ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने पर विशेष जोर दिया गया।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्य पालना, ट्रैफिक सिग्नल पर स्टॉप लाइन का पालन, नो-पार्किंग क्षेत्रों में कार्रवाई तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन उपयोग, तेज गति और अनाधिकृत पार्किंग पर नियमित प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहित करने और सड़क सुरक्षा क्लबों को सक्रिय बनाने पर भी सहमति बनी।
Published on:
16 May 2026 02:48 pm
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
