
2.56 करोड़ रुपए से अधिक के जब्त मादक पदार्थ नष्ट (फोटो- पत्रिका)
जयपुर: जिला जयपुर (दक्षिण) पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्तशुदा नशे की खेप को नष्ट किया। औषधि व्ययन समिति जयपुर (दक्षिण) की ओर से एनडीपीएस एक्ट की धारा 52-ए के तहत चयनित प्रकरणों में यह कार्रवाई की गई। नष्ट किए मादक पदार्थों की कीमत 2 करोड़ 56 लाख 75 हजार 110 रुपए है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) जयपुर राजर्षि राज ने बताया कि चाकसू, शिप्रापथ, शिवदासपुरा, अशोक नगर, कोटखावदा, महेश नगर, मानसरोवर, मुहाना, श्याम नगर और सांगानेर सदर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया।
नष्ट किए मादक पदार्थों में 190 किलो 547 ग्राम गांजा, 217 किलो 634 ग्राम डोडा पोस्त, 624 ग्राम 300 मिलीग्राम स्मैक, 122 ग्राम एमडीएम, 20 ग्राम 53 मिलीग्राम कोकीन, 29 ग्राम 59 मिलीग्राम एमडी और 76 कैप्सूल एमडी हैं।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत सीएसटी ने प्रताप नगर इलाके में ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि जगतपुरा स्थित एयरपोर्ट एन्क्लेव निवासी दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से एक स्कूटी और करीब आठ लाख रुपए कीमत की 77 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि सीएसटी को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक तस्कर दिल्ली से भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर जयपुर पहुंचा है। इनपुट के आधार पर टीम ने निगरानी रखी और आरोपी को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी सुभाष चौक थाने में ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से ड्रग्स लेकर आया था और इसे पुष्कर में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब पुष्कर के तस्करों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Updated on:
01 Feb 2026 08:53 am
Published on:
01 Feb 2026 08:51 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
