21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

जयपुर में 219 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, करतारपुरा नाले का होगा कायाकल्प; बनेंगे नए पार्क-सड़कें

जयपुर में 219 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके तहत करतारपुरा नाले, पार्क और सड़कों के विकास का काम किया जाएगा। वहीं नगर निगम 2 अगस्त से पालतू डॉग और कैट के लिए विशेष पंजीयन अभियान भी शुरू करेगा।
2 min read
Google source verification
Jaipur Development Project

पुरानी चुंगी जहां बनना है अंडरपास। फोटो अनुग्रह सोलोमन।

Jaipur Infrastructure Development: जयपुर शहर में विकास के कई बड़े काम जल्द शुरू होने वाले हैं। इसके लिए 219 करोड़ रुपए की अलग-अलग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। पीडब्ल्यूसी (पब्लिक वर्क्स कमेटी) की बैठक में इन कामों को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई। इनमें करतारपुरा नाले को दोबारा तैयार करना, नए पार्क विकसित करना और शहर की कई सड़कों की मरम्मत व सुधार जैसे काम शामिल हैं।

करतारपुरा नाले पर होगा सबसे बड़ा काम

बैठक में सबसे ज्यादा 165.73 करोड़ रुपए करतारपुरा नाले के निर्माण और सुधार के काम के लिए मंजूर किए गए हैं। इस काम के पूरा होने से बारिश के समय पानी भरने की समस्या कम होगी और शहर की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी। इसके अलावा स्वर्ण जयंती ऑक्सीजन पार्क, रॉयल हैप्पीनेस पार्क और राजस्थान उत्सव पार्क (वेस्ट-टू-वंडर) को विकसित करने के लिए करीब 45 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। वहीं, सायपुरा-गुवाड़ी-पालेड़ा इलाके की सड़कों की मरम्मत और अजमेर पुलिया से पुरानी चुंगी तक एलिवेटेड रोड के सुधार के काम को भी मंजूरी मिल गई है।

पालतू डॉग और कैट के लिए चलेगा विशेष पंजीयन अभियान

वहीं, जयपुर नगर निगम 2 अगस्त को फ्रेंडशिप डे के मौके पर पालतू डॉग और कैट के लिए विशेष पंजीयन अभियान शुरू करेगा। यह अभियान 1 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा। नए फॉर्म की मदद से सिर्फ 5 मिनट में पालतू जानवर का पंजीयन कराया जा सकेगा। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शहर में 50 हजार से ज्यादा पालतू डॉग और कैट हैं। इन सभी का पंजीयन कर जयपुर को रैबीज मुक्त शहर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

नगर निगम सीमा में अब किसी भी पेट शॉप पर डॉग या कैट बेचने से पहले उसका पंजीयन और रैबीज वैक्सीनेशन कराना जरूरी होगा। नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर दुकान भी बंद कराई जा सकेगी। वहीं, 2 अगस्त को दुर्गापुरा में नि:शुल्क शिविर लगाया जाएगा, जहां मौके पर ही पंजीयन, मुफ्त रैबीज वैक्सीनेशन, माइक्रोचिप, मालिक के नाम और मोबाइल नंबर वाला मेटल टैग, डॉग फूड और स्ट्रीट डॉग एडॉप्शन जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।