25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Fire: अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, 3 फ्लैट को चपेट में लिया

जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र स्थित अपार्टमेंट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस के दो अन्य फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Apr 25, 2026

Jaipur Fire

आग लगने के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र स्थित घर आंगन अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस के दो अन्य फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए। आग लगते ही आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

खाना बनाते समय लगी आग

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग मुहाना स्थित घर आंगन अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर रहने वाले आसिफ खान के फ्लैट में लगी। ग्राउंड फ्लोर में रखे सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद आग लग गई। आग वायरिंग के जरिए छठी मंजिल तक पहुंच गई. देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और फिर पास के दो अन्य फ्लैट तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरे अपार्टमेंट में धुआं भर गया।

धुआं भरने से लोगों को चला पता

मुहाना थानाधिकारी गुर भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:50 बजे अपार्टमेंट में धुआं फैलने लगा। धुआं देखकर लोगों को आग लगने की जानकारी मिली। आग के कारण अपार्टमेंट की बिजली वायरिंग भी जल गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। धुएं के कारण कई लोग अपने फ्लैट में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

कई लोगों को सुरक्षित निकाला

आग लगने के बाद पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम ने छठी मंजिल से दूसरी मंजिल तक फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं के कारण कई लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था। रेस्क्यू के दौरान सीढ़ियों के पास एक युवक धुएं से दम घुटने के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा।

हेड कांस्टेबल कान सिंह ने दिखाई बहादुरी

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हेड कांस्टेबल कान सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए बेहोश युवक को कंधे पर उठाकर अपार्टमेंट से बाहर निकाला। बाहर लाने के करीब दस मिनट बाद युवक को होश आया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिसकर्मी की इस बहादुरी की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।