
रिद्धिमा जांगिड़, निकिता मीणा और छवि शर्मा (फोटो सोशल मीडिया)
RBSE 10th Result: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार दोपहर 1 बजे अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय में बटन दबाकर रिजल्ट जारी किया।
बता दें कि बोर्ड के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब 12वीं से पहले 10वीं का परिणाम जारी किया गया है और वह भी मार्च के महीने में ही। इस वर्ष प्रदेश का कुल पास प्रतिशत 93.23% रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.05% अधिक है।
इस बार भी छात्राओं ने बाजी मारी है। जहां लड़कियों का पास प्रतिशत 94.08% रहा, वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 93.16% दर्ज किया गया। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश के 10 लाख 68 हजार 109 छात्र-छात्राओं का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है।
राजधानी जयपुर के परीक्षा परिणाम ने इस बार प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। जयपुर जिले का कुल परिणाम 94.66% रहा। जिले की टॉपर्स सूची में बेटियों का दबदबा साफ नजर आया।
रिद्धिमा जांगिड़ (99.67%): कैम्ब्रिज स्कूल की छात्रा रिद्धिमा ने बिना किसी कोचिंग के नियमित 8-10 घंटे की पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने हिंदी, विज्ञान, गणित और संस्कृत जैसे 4 विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए।
निकिता मीणा (99.50%): सेंट ऑगस्टाइन्स कॉन्वेंट सेकेंडरी स्कूल की निकिता ने हिंदी, अंग्रेजी और विज्ञान में पूरे 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छवि शर्मा (99.33%): एसवीएम एकेडमी की छवि ने हिंदी और गणित में 100 अंक प्राप्त किए। उनके अलावा परी छीपा ने भी 99% अंक हासिल कर गौरव बढ़ाया।
ब्रह्मपुरी स्थित स्मॉल वंडर एकेडमी स्कूल की छात्रा ज्योति चौधरी ने 96 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ज्योति की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बिना किसी बाहरी ट्यूशन या कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया है।
हैरानी की बात यह रही कि बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद जयपुर जिला प्रदेश की 'टॉप टेन' रैंकिंग में जगह नहीं बना सका। जयपुर इस बार 16वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले साल यह 19वें पायदान पर था। उदयपुर जिला भी 16वें स्थान पर ही सिमट गया।
जयपुर जिले में इस बार शिक्षा का स्तर सुधरा है। जिले के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं।
कुल पंजीकृत छात्र: 1,00,522
परीक्षा में शामिल: 99,570
कुल उत्तीर्ण: 94,251
श्रेणी वार विभाजन: 59,216 छात्र प्रथम श्रेणी (First Division), 29,601 द्वितीय श्रेणी और 5,433 तृतीय श्रेणी से पास हुए।
बोर्ड की परीक्षाएं इस बार 12 फरवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं। रिकॉर्ड समय में कॉपियों की जांच और मार्च में ही रिजल्ट घोषित होने से छात्रों को अब अगली कक्षा (11वीं) के लिए विषय चयन और करियर प्लानिंग के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Updated on:
25 Mar 2026 04:11 pm
Published on:
25 Mar 2026 08:39 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
