
शादी की सालगिरह के अगले ही दिन जयपुर में खौफनाक कदम (पत्रिका फाइल फोटो)
Jaipur Suicide News: जयपुर: गुलाबी नगरी के जगतपुरा इलाके में एक युवक द्वारा वैवाहिक कलह और पत्नी की बेरुखी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक ने सुसाइड करने से पहले एक भावुक वीडियो बनाया और सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें अपनी नन्ही बेटी के नाम एक आखिरी संदेश लिखा है।
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। घटनाक्रम के अनुसार, मूलतः दौसा जिले के बसवा निवासी शाहबाज खान (27) की शादी 27 फरवरी 2023 को दौसा की ही रहने वाली कशिश के साथ हुई थी।
उनकी दो साल की एक बेटी 'फातिका' भी है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही कशिश छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा कर पीहर चली जाती थी। शाहबाज अपनी पत्नी से बेपनाह मोहब्बत करता था और उसकी हर जिद पूरी करने की कोशिश करता था, लेकिन कशिश लगातार उससे दूरी बनाए हुए थी।
बीती 27 फरवरी 2026 को शाहबाज और कशिश की शादी की तीसरी सालगिरह थी। शाहबाज ने इस खास दिन पर अपनी पत्नी को कई कॉल और मैसेज किए। वह उससे बात करने के लिए गिड़गिड़ाता रहा, मौत-जिंदगी और बेटी का वास्ता दिया, लेकिन कशिश ने एक भी कॉल का जवाब नहीं दिया। इसी उपेक्षा और मानसिक प्रताड़ना ने शाहबाज को अंदर से तोड़ दिया।
शाहबाज पहले रेवाड़ी (हरियाणा) के मानसेर में एक प्राइवेट कंपनी में अच्छी जॉब कर रहा था। मृतक के भाई शाहिद खान ने बताया कि कशिश ने शर्त रखी थी कि यदि वह जयपुर में आकर रहे, तभी वह उसके साथ रहेगी।
अपनी गृहस्थी बचाने और पत्नी की खुशी के लिए शाहबाज ने अपनी पुरानी नौकरी से इस्तीफा दे दिया और फरवरी 2026 में जयपुर के भांकरोटा इलाके में किराए का मकान लेकर रहने लगा। उसने पास ही एक कंपनी में नई नौकरी भी शुरू कर ली थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष और पत्नी ने उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं किया।
मैरिज एनिवर्सरी के अगले दिन, यानी 28 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे शाहबाज अपनी बाइक लेकर घर से निकला। उसने अपनी बाइक जगतपुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी की और पैदल ही सीबीआई फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया।
वहां उसने अपने मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह फूट-फूटकर रोते हुए अपनी आपबीती सुना रहा है। वीडियो में उसने बताया कि कैसे उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने उसे इस कदम को उठाने के लिए मजबूर कर दिया है। इसके बाद उसने तेज रफ्तार ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
पुलिस को जांच के दौरान शाहबाज के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट की सबसे दर्दनाक पंक्ति थी, "मेरी जिंदगी के कुछ पल मेरी बेटी फातिका लाडो को बता देना।" वह चाहता था कि जब उसकी बेटी बड़ी हो, तो उसे पता चले कि उसका पिता उससे कितना प्यार करता था।
रामनगरिया थाना पुलिस ने शाहबाज के भाई शाहिद खान की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दिसंबर 2025 में शाहबाज से उसके साले की शादी में करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च करवाए गए और बाद में उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल में मिले वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
नामजद आरोपियों में मृतक की पत्नी कशिश, सास तसलीम, साले बिलाल, शाहदाब उर्फ राहुल और जिसान शामिल हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Published on:
31 Mar 2026 09:55 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
