
Jaipur Master Plan : जयपुर में गोविंद मार्ग पर जाम का दृश्य। फोटो पत्रिका
Jaipur Master Plan : जयपुर शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शुमार गोविंद मार्ग पर वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ चुका है कि यहां से गुजरना किसी भी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। कई मुख्य रास्ते इस मार्ग से आकर मिलते हैं, जिससे सुबह से लेकर देर रात तक यहां जाम के हालात बने रहते हैं। मास्टर प्लान में यह सड़क 100 फीट चौड़ी दर्ज है, लेकिन धरातल पर इसकी चौड़ाई महज 50 से 60 फीट ही रह गई है।
कई जगह तो यह मार्ग इससे भी ज्यादा संकरा हो चुका है। अब ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड (टीसीबी) की सख्ती के बाद इस सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप 100 फीट तक चौड़ा करने की कवायद चल रही है।
1- सड़क को 100 फीट चौड़ा करने की राह में सबसे बड़ा रोड़ा यहां जारी किए गए पट्टे और अतिक्रमण हैं। पूर्व में नगर निगम की ओर से गोविंद मार्ग के दोनों ओर 189 पट्टे जारी किए गए हैं।
2- 2011 से पहले की स्थिति: गोविंद मार्ग पहले 60 फीट का था, जिस पर 174 लोगों को पट्टे जारी किए जा चुके हैं।
3- 2011 के बाद का बदलाव: वर्ष 2011 में इस सड़क को मास्टर प्लान में 100 फीट घोषित कर दिया गया, जिसके बाद भी 15 पट्टे जारी किए गए।
4- मुआवजे की चुनौती : इस मार्ग में कुल 189 भूखंड आ रहे हैं। सड़क को पूरी चौड़ाई देने के लिए अब नगर निगम को मुआवजे की कार्रवाई के साथ कड़े कदम उठाने होंगे।
ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड में सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप करने का फैसला हुआ। इसके बाद फरवरी में प्रशासनिक उप समिति की बैठक हुई। इसमें 9 मार्च, 2026 को कार्रवाई के बारे में अवगत कराया गया है। ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड में निगम को अतिक्रमणों को चिह्नित कर हटवाने के निर्देश दिए।
1- गोविंद मार्ग पर वाहनों का दबाव अत्यधिक है, जिससे रोजाना जाम लगता है।
2- यह मार्ग शहर के कई प्रमुख रास्तों को जोड़ता है, इसलिए यहां सुगम यातायात जरूरी है।
3- चौड़ीकरण से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।
4- मास्टर प्लान के अनुरूप विकास से भविष्य की यातायात जरूरतों को भी पूरा किया जा सकेगा।
मास्टर प्लान बनाम हकीकत : कागजों में सड़क 100 फीट की है, लेकिन मौके पर सिर्फ 50 से 60 फीट ही बची है।
अतिक्रमण पर प्रहार : अनुमोदित प्लान से बाहर बने अवैध निर्माणों को चिह्नित कर हटाया जाएगा।
कटघरे में 189 भूखंड : मार्ग के चौड़ीकरण की जद में कुल 189 भूखंड आ रहे हैं, जिनकी वजह से वर्षों से काम अटका है।
जिन भूखंड स्वामियों को 100 फीट की सीमा पर पट्टे जारी किए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, 60 फीट पर पट्टा रखने वाले लोगों के मामले में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की आगामी बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।
राजेंद्र कुमार, उपायुक्त, आदर्श नगर जोन
करीब 18 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनसे भूमि मांगी गई है। अन्य भूखंडों की अनुमति की जांच की जा रही है। जल्द ही शेष रहे भूखंडों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
मुकुट सिंह, उपायुक्त मालवीय नगर जोन
Published on:
20 May 2026 08:59 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
