20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Heatwave Alert: नौतपा से पहले ही तपा प्रदेश, सरकार ने जारी की हीटवेव से बचाव की खास गाइडलाइन

CM Guidelines For Heatwave : राजस्थान में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड पर है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

2 min read
Google source verification
राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अस्पतालों में अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की समीक्षा बैठक

Rajasthan Health Department Meeting photo

Nautapa Rajasthan 2026: 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा से पहले ही राजस्थान के अधिकतर शहरों में तापमान औसत से कहीं ज्यादा है। बॉर्डर के नजदीक स्थित जिलों में तो पारा 47 डिग्री के करीब तक पहुंच रहा है। ऐसे में नौतपा में यह तापमान करीब पचास डिग्री तक जा सकता है। राजस्थान सरकार ने गर्मी और हीटवेट से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की हैं। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को विभाग से जुड़े अधिकारियों की बैठक में गर्मी से बचाव के इंतजामों पर चर्चा की है।

जयपुर में स्वास्थ्य भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में चिकित्सा मंत्री ने कहा कि हीटवेव प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अलग बेड आरक्षित करने, ORS, IV Fluids और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सरकार ने अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए ठंडे पानी, छाया और कूलिंग सुविधाओं की भी व्यवस्था करने को कहा है। इसके साथ ही आपातकालीन कूलिंग उपकरण और हीट स्ट्रोक किट्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। चिकित्सा मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में ऐसे स्टाफ की तैनाती की जाए जिन्हें हीट स्ट्रोक के इलाज और प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी हो।

गर्मी को देखते हुए गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य स्तर पर नोडल अधिकारियों की टीम बनाकर अस्पतालों की व्यवस्थाओं की निगरानी भी शुरू कर दी है।
बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने एचपीवी वैक्सीन कवरेज बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों के दौरान स्थानीय स्तर पर कैंप आयोजित किए जाएं। वहीं, राज हेल्थ पोर्टल पर रिक्त पदों की जानकारी तुरंत अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर स्टाफ की तैनाती तुरंत हो सके।

प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप में सिर ढंककर निकलने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार नौतपा के दौरान राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ सकती है।