
ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू (फोटो- पत्रिका)
जयपुर: जयपुर डिस्कॉम ने पहली बार बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। धौलपुर और करौली जिलों से शुरू हुए इस अभियान में ड्रोन के जरिए छतों से जंपर डालकर की जा रही चोरी पकड़ी गई। कई उपभोक्ताओं पर लाखों का जुर्माना लगाया गया है।
डिस्कॉम की टीमें जब चोरी की आशंका वाले घरों में जांच करने पहुंचीं तो लोगों ने उन्हें अंदर घुसने नहीं दिया। विरोध के चलते छत पर जाना भी संभव नहीं हो पाया। ऐसे में डिस्कॉम सीएमडी आरती डोगरा ने ड्रोन कैमरों से निगरानी की अनुमति दी। इस मुहिम को ‘ऑपरेशन एसी’ दिया गया। प्रदेश के दूसरे शहरों, ग्रामीण इलाकों में भी ड्रोन से एक्शन का प्लान तैयार किया जा रहा है।
-धौलपुर के बाड़ी सब डिवीजन में छतों पर जंपर लगाकर चोरी पकड़ी गई। एसी जैसे भारी उपकरण चलाए जा रहे थे, लेकिन खपत नहीं दिख रही थी। करीब 2.61 लाख का जुर्माना लगाया गया। मनिया कस्बा और राजाखेड़ा में भी ड्रोन से निगरानी की गई।
-करौली में बिजली पोलों पर अनाधिकृत पैरेलल सर्विस लाइन लगाई गई थी। चौबीस वीसीआर भरी गईं, 8.73 लाख जुर्माना लगाया गया।
-कई उपभोक्ता चोरी के मामले में टीम को अंदर नहीं घुसने देते।
-छत से चोरी के लिए जंपर डालते हैं।
-ड्रोन से ऊपर से सीधे निगरानी संभव, सटीक लोकेशन मिलती है।
-ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की दर 30-40 प्रतिशत तक, वहां अब ड्रोन से एक्शन।
पिछले दिनों भरतपुर में हुई बैठक में ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट कहा था कि बिजली चोरों को नहीं बख्शा जाए। इसके बाद अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की। राजनीतिक प्रेशर के बावजूद अफसरों को प्रशासनिक सहयोग मिला और कार्रवाई की गई।
Updated on:
21 Jul 2025, 9:04 AM IST
Published on:
21 Jul 2025, 9:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.