
एक कार्ड, काम अनेक: मेट्रो में किराया भी दे सकेंगे, कर सकेंगे शॉपिंग भी
जयपुर। 'वन नेशन वन कार्ड' के तहत जयपुर मेट्रो नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवा को शुरू करेगा। इस पर काफी काम किया जा चुका है। मार्च के अंत तक मेट्रो स्टेशन पर शुरू कर दिया जाएगा। यानी एक ही कार्ड से यात्री किराया दे सकेंगे और उसी कार्ड से मेट्रो स्टेशन के शॉपिंग स्टोर से खरीदारी कर सकेंगे। ये कार्ड मेट्रो की फीडर सेवा में भी काम करेंगे। धीरे—धीरे इसका दायरा बढ़ेगा। पहले चरण में मौजूदा स्मार्ट कार्ड को अपग्रेड किया जाएगा।
मेट्रो के अधिकारियों की मानें तो इसके लिए कई बैंकों से बातचीत चल रही है। इन अधिकारियों का कहना है कि हम जयपुर मेट्रो में इस व्यवस्था को लागू करने के बाद प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजेंगे। क्योंकि बाद में सरकार परिवहन और अन्य निजी सेवाओं को भी उसी मंच पर ला सकती है। इससे लोगों को काफी फायदा होगा।
रिचार्ज भी कर सकेंगे
हम उन सेवा प्रदाताओं के साथ चर्चा कर रहे हैं जो वन नेशन वन कार्ड योजना पर काम कर रहे हैं। एनसीएमसी सेवा का प्लान तैयार कर लिया है। इन कार्ड को डेबिट और क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज किया जा सकेगा। भविष्य में इन कार्ड का उपयोग अन्य क्षेत्रों में किया जा सकेगा।
—अजिताभ शर्मा, सीएमडी, जयपुर मेट्रो
...............
ये है यात्रियों की स्थिति
रोडवेज बस
—8.5 लाख से अधिक यात्री रोडवेज बसों में सफर करते हैं।
—50 हजार यात्री रोज जयपुर आते-जाते हैं
-----------------
लो-फ्लोर बस
—250 लो-फ्लोर बस हैं शहर में
—2 लाख यात्री रोज सफर करते हैं बसों में
---------------
मेट्रो :
—6.25 सुबह से रात 9 बजे तक चलती है मेट्रो राजधानी में
—178 फेरे लगाती है मेंट्रो टे्रन शहर में
—25 हजार यात्री रोज सफर करते हैं
खास—खास
—2019 में केंद्र सरकार के बजट में इस कार्ड की हुई थी घोषणा
—दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के लिए सबसे पहले इसे शुरू किया गया था।
—2022 तक पूरे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को एनसीएमसी प्लेटफॉर्म पर लाने की कवायद चल रही है।
—एनसीएमसी का विचार भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा गठित नंदन नीलेकणी समिति द्वारा तैयार किया गया था।
Published on:
29 Jan 2022 08:50 am
