25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Good News: जयपुर के इन इलाकों को दोहरी सौगात, 25 हजार घरों में पहुंचेगा बीसलपुर का पानी, 150 कॉलोनियों का बिजली तंत्र होगा मजबूत

Jaipur News: सांगानेर के तेजी से विकसित हो रहे पृथ्वीराज नगर और आसपास के इलाकों के लिए राहत भरी दो खबरें हैं।

2 min read
Google source verification
Bisalpur Dam Grid Station-1

बिसलपुर बांध व इनसेट में 132 केवी का नया ग्रिड स्टेशन। फोटो: पत्रिका

जयपुर। सांगानेर के तेजी से विकसित हो रहे पृथ्वीराज नगर और आसपास के इलाकों के लिए राहत भरी दो खबरें हैं। भीषण गर्मी से पहले प्रशासन ने इस क्षेत्र की पेयजल और बिजली व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का निर्णय लिया है। जहां एक ओर बीसलपुर परियोजना के तहत बनी तीन नई टंकियों से हजारों घरों को मीठा पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

वहीं, दूसरी ओर बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए शिव विहार में 132 केवी का नया ग्रिड स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इन दोनों ही विकास कार्यों से सांगानेर की करीब 75 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

60 कॉलोनियों की बुझेगी प्यास, टैंकर माफियाओं से मिलेगी निजात

सांगानेर क्षेत्र की तीन प्रमुख कॉलोनी स्वर्ण विहार, कृष्णा वन और मंगलम आनंदा में इस गर्मी से बीसलपुर का पानी पहुंचाने की तैयारी जलदाय विभाग ने पूरी कर ली है। पृथ्वीराज नगर फेज द्वितीय परियोजना के तहत यहां टंकियां बनकर तैयार हो चुकी हैं और जल कनेक्शन जारी करने का काम शुरू कर दिया गया है। इन तीनों टंकियों से जुड़ी करीब 60 कॉलोनियों की 25 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी।

गर्मियों में इन इलाकों में टैंकर माफिया सक्रिय होकर मनमाने दामों पर पानी बेचते थे। मजबूरी में लोग महंगे टैंकर खरीदने को विवश थे, इसलिए स्थानीय लोग लंबे समय से स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 8 से 10 हजार जल कनेक्शन जारी किए जाएंगे।

टंकियों की क्षमता

स्वर्ण विहार: 9 लाख लीटर
मंगलम आनंदा: 10 लाख लीटर
कृष्णा वन: 10 लाख लीटर
कुल प्रोजेक्ट: 500 करोड़ की लागत से 46 टंकियां बनीं, जिनमें से 9 सांगानेर क्षेत्र में हैं

सांगानेर क्षेत्र में 9 टंकियों से होगी सप्लाई

पृथ्वीराज नगर फेज द्वितीय के तहत सांगानेर क्षेत्र में 9 टंकियों से सप्लाई होगी। अभी तीन टंकियों से सप्लाई शुरू करने की तैयारियां कर रहे हैं। कॉलोनियों में जल कनेक्शन जारी करने का काम शुरू कर दिया है।
-अनिल शर्मा, अधीक्षण अभियंता, जयपुर दक्षिण, जलदाय विभाग

150 कॉलोनियों का बिजली तंत्र होगा मजबूत

सांगानेर के पृथ्वीराज नगर दक्षिण और नारायण विहार क्षेत्र के 50 हजार से ज्यादा बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से छुटकारा मिलेगा। राज्य सरकार यहां 132 केवी का नया ग्रिड स्टेशन स्थापित करने जा रही है। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम ने इसके लिए भारत माता सर्कल पर शिव विहार में जमीन चिन्हित कर जेडीए को आवंटन के लिए पत्र लिखा है।

डिस्कॉम प्रबंधन के अनुसार, जगतपुरा के बाद यह क्षेत्र सबसे तेजी से बस रहा है और मल्टीस्टोरी बिल्डिंग्स के कारण उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान बिजली तंत्र पर लोड अधिक होने से उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली गुल होने और लो-वोल्टेज की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नया ग्रिड बनने से यह समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। जेडीए से जमीन मिलते ही प्रसारण निगम 18 महीने में इस ग्रिड को तैयार कर लेगा।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग