
मृतक यूनुस, जयसिंहपुरा निवासी (पत्रिका फोटो)
जयपुर: तेज अंधड़ और बारिश ने शनिवार शाम जहां एक ओर शहर को थाम रखा था। वहीं, एक जिंदगी घर लौटने की जल्दी में थी। लेकिन उसे नहीं पता था कि अंधेरी राह में मौत उसके इंतजार में झूल रही है।
बता दें कि जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में रात साढ़े आठ बजे तेज हवा से जमीन तक झूलते बिजली के तारों में उलझकर बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक बिजली के लटकते तारों की चपेट में आ गई और उसमें आग लग गई।
पुलिस के अनुसार, खोह नागोरियान निवासी यूनुस (52) हैंडीक्रॉफ्ट का काम करता था और जामडोली से घर लौट रहा था। काका कॉम्पलेक्स के पास झूलते तारों में बाइक उलझ गई। तारों में करंट होने के कारण बाइक में आग लग गई और युनुस झुलस गया।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे एसएमएस अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि डिस्कॉम की लापरवाही से बाइक सवार अकाल मौत का शिकार हो गया। डिस्कॉम आए दिन लाइनों की मरम्मत के नाम पर शटडाउन लेता है। फिर तेज हवा से तार जमीन तक कैसे लटक गए? ये मरम्मत में लीपापोती का ही नतीजा है।
एईएन राहुल माथुर साढ़े 11 बजे बाद मौके पर पहुंचे। एसई उत्तर सर्कल अशोक रावत ने कहा कि अंधड़ के दौरान ही तार टूट कर जमीन पर गिरा होगा, जांच कर रहे हैं।
नारायण विहार थाना इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार गिरने से एक मजदूर एटा (यूपी) निवासी जीवन सिंह घायल हो गया। हादसा 6डी इंजीनियर्स कॉलोनी में हुआ।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। मामलों की जांच में जुटी है। वहीं, अंधड़ के दौरान नाहरगढ़ रोड पर एक मकान की दीवार का कुछ हिस्सा नीचे खड़ी कार पर गिर गया।
Updated on:
03 May 2026 10:52 am
Published on:
03 May 2026 10:52 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
