9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur : चालान पेंडिग है तो चुका दें, पुलिस पहली बार दे रही है ये खास स्कीम, 18 दिन चलेंगे कैंप

Jaipur Traffic Police News: जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशानुसार, मोटर यान अधिनियम के तहत किए गए चालानों की राशि आसानी से जमा कराने के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 8 मई से 25 मई 2026 तक इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

2 min read
Google source verification
traffic challan

फोटो-पत्रिका नेटवर्क

E Challan Disposal Camp: अगर आपकी गाड़ी का भी कोई पुराना ट्रैफिक चालान (e-Challan) कटा हुआ है और आप उसे भुगतने के लिए पुलिस थानों के चक्कर काटकर परेशान हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहरवासियों को बड़ी सुविधा देते हुए पेंडिंग चालान के निपटारे के लिए विशेष 'चालान निस्तारण शिविर' आयोजित करने का निर्णय लिया है।
जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशानुसार, मोटर यान अधिनियम के तहत किए गए चालानों की राशि आसानी से जमा कराने के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 8 मई से 25 मई 2026 तक इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।बताया जा रहा है कि करीब 35000 से भी ज्यादा चालान पेंडिग चल रहे हैं।

इन 24 थानों में आयोजित होंगे शिविर

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) योगेश दाधीच के अनुसार, शहर के चारों क्षेत्रों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम) के कुल 24 थानों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। यहाँ देखें प्रमुख तारीखें और स्थान:

8, 9 व 10 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | अशोक नगर, कानोता, भांकरोटा, मानक चौक |
11, 12 व 13 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | विधायकपुरी, खो-नागोरियान, वैशाली नगर, रामगंज |
14, 15 व 16 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | महेश नगर, जवाहर नगर, झोटवाड़ा, आमेर |
17, 18 व 19 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | शिप्रापथ, जवाहर सर्किल, चौमूं, जयसिंहपुरा खोर |
20, 21 व 22 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | मुहाना, सांगानेर, विश्वकर्मा, विद्याधर नगर |
23, 24 व 25 मई | सुबह 9 से शाम 6 बजे | सांगानेर सदर, रामनगरिया, बनीपार्क, शास्त्री नगर |

डिजिटल पेमेंट की सुविधा और अन्य विकल्प

शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI के माध्यम से भुगतान स्वीकार किया जाएगा। इसके अलावा, यदि आप इन शिविरों में नहीं जा पाते हैं, तो अजमेरी गेट स्थित यादगार भवन के कमरा नंबर 30 और 31 में स्थित चालान शाखा में भी यह सुविधा निरंतर जारी रहेगी।

वर्चुअल कोर्ट में लंबित मामलों के लिए ध्यान दें

पुलिस उपायुक्त यातायात ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वाहन का चालान वर्चुअल कोर्ट (Virtual Court) में भेजा जा चुका है, तो उनका निस्तारण इन शिविरों में नहीं किया जा सकेगा। ऐसे मामलों की स्थिति जानने के लिए वाहन स्वामी आधिकारिक वेबसाइट https://vcourts.gov.in/virtualcourt पर जा सकते हैं।

समय पर चालान भरें, कानूनी कार्रवाई से बचें

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि वाहन स्वामी अपने पेंडिंग चालानों की जानकारी https://echallan.parivahan.gov.in पर चेक करें और किसी भी प्रकार की कानूनी जटिलता या असुविधा से बचने के लिए इन शिविरों का लाभ उठाकर समय पर भुगतान सुनिश्चित करें।