
Rajasthan weather forecast: शेखावाटी अंचल में सर्दी का थर्ड डिग्री टॉर्चर
जयपुर। कश्मीर में चिल्लई कलां का दौर शुरू हो गया है और आगामी 40 दिन पहाड़ों पर बर्फबारी और भीषण सर्दी का असर रहने वाला है। दूसरी तरफ प्रदेश में आज से सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण गलन और धूजणी छुड़ा रही सर्दी का दौर जारी है। बीती रात शेखावाटी अंचल में खून जमा देने वाली सर्दी का जोर रहा। मैदानी इलाकों में सीकर जिला प्रदेशभर में सबसे सर्द रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में छह से ज्यादा जिलों में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं चार जिलों में कल घना कोहरा छाने का अंदेशा है।
6 जिलों में रात में पारा 6 डिग्री से कम
प्रदेश के छह जिलों में बीती रात पारा 6 डिग्री से कम रेकॉर्ड किया गया। पारे में गिरावट से हाड़कंपाने वाली सर्दी का जोर रहने पर जनजीवन प्रभावित रहा है। मैदानी इलाकों में सीकर शहर 2.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेशभर में सबसे सर्द रहा है। जबकि जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर रात का तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ है। संगरिया 4.4, चूरू 4.2, पिलानी 4.5, करौली 5.4, और अलवर में बीती रात पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
ये जिले भी रहे सर्द
श्रीगंगानगर 6.5, भीलवाड़ा 6.8, डबोक 8.1, सिरोही 7.6, फलोदी 8.6, अजमेर 9.3, चित्तौड़ 9.4, धौलपुर 9.5 और अंता बारां में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में बीती रात पारा 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन रात में सर्दी के तेवर तीखे बने रहे। सुबह भी गलन और हाड़कंपाने वाली सर्दी का असर शहरवासियों को महसूस हुआ।
हाड़ौती- मारवाड़ में मौसम शुष्क
प्रदेश के मारवाड़ और हाड़ौती अंचल में अब भी रात में पारा सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। बीती रात बाड़मेर 11.9, डूंगरपुर 11.8, जैलसमेर 11.8, जोधपुर शहर 11.4, जालोर और फलोदी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
8 जिलों में आज बारिश संभव
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज 8 जिलों में बादल छाने और कहीं कहीं हल्की बारिश होने का अलर्ट मौसम केंद्र ने जारी किया है। जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में बारिश होने के आसार हैं। वहीं कल हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, नागौर और श्रीगंगानगर जिले में घना कोहरा छाने का अंदेशा है।
Updated on:
22 Dec 2023 10:01 am
Published on:
22 Dec 2023 09:59 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
