
नवोदय विद्यालयों के लिए शाला दर्पण पोर्टल शुरू
जयपुर। देशभर के नवोदय विद्यालयों की जानकारी अब एक क्लिक पर मिल सकेगी। हाल ही नवोदय विद्यालय समिति के लिए शालादर्पण पोर्टल लॉन्च किया गया है। यह पोर्टल स्कूल स्वचालन और प्रबंधन प्रणाली से संबंधित है। इस पोर्टल पर स्कूल से संबंधित सभी प्रकार की जानकारियां उपलब्ध हो सकेंगी। आमजन भी इस पोर्टल से सूचना ले सकेगा। विद्यार्थी और अभिभावकों को भी इस पोर्टल के जरिए सूचनाएं मिल सकेंगी। अब उन्हें प्रवेश से संबंधित सूचनाओं के लिए भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों और नवोदय विद्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सभी सूचनाएं पोर्टल पर ही उपलब्ध होंगी।
2 लाख विद्यार्थियों का डेटा होगा अपडेट
नवोदय विद्यालय समिति के 22 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों तथा 2 लाख विद्यार्थियों के बीच सूचना साझा करने के लिए इस एकीकृत प्लेटफॉर्म को विकसित किया गया है। इसमें इन सभी का डेटा अपडेट किया जाएगा। शालादर्पण पोर्टल से नवोदय विद्यालय की कई प्रक्रियाएं आसान हो जाएगी और इससे पारदर्शिता भी आएगी। अभी तक माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में ही यह पोर्टल चल रहा है। इस पोर्टल पर विद्यालय से संबंधित सभी प्रकार की सूचनाएं उपलब्ध रहती हैं, जिसमें विद्यालय कब बना, कब क्रमोन्नत हुआ, शिक्षकों, विद्यार्थियों व अन्य स्टॉफ की संख्या। स्थानान्तरणों से संबंधित जानकारी, विषयवार और कक्षावार नामांकन आदि की जानकारी रहती है। इस पोर्टल पर स्कूल और प्रबंधन की पूरी सूचना के साथ ही बजट और वित्त प्रबंधन की भी जानकारी रहेगी। पुस्तकालय, सामान और भंडार की भी जानकारी मिल सकेगी। सभी कर्मचारियों की प्रतिदिन की गतिविधियों पर भी अधिकारी नजर रख सकेंगे। सूचना प्रसार के लिए इस पोर्टल पर द्विभाषी सामग्री मिलेगी।
636 स्कूलों की होगी जानकारी
शालादर्पण विद्यालय ई-प्रशासन स्वचालन और प्रबंधन प्रणाली है। इसके कार्यान्वयन से नवोदय विद्यालयों की सभी गतिविधियों को ऑटोमेशन की सुविधा मिलेगी। नवोदय विद्यालय समिति देश की सबसे बड़ी आवासीय विद्यालय समिति है। इसके अंतर्गत 636 विद्यालय, 8 क्षेत्रीय कार्यालय, 8 एनएलआई और एक मुख्यालय हैं।
Updated on:
10 Nov 2019 09:56 am
Published on:
10 Nov 2019 09:47 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
