28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में 122 मिलियन टन गोल्ड जमीन के नीचे: लेकिन Gold Mining प्रोजेक्ट्स पर ताला, जानें कारण

Rajasthan Gold Mining Delay: राजस्थान में स्वर्ण खनन की योजनाएं लगातार अड़चनों का सामना कर रही हैं। दो गोल्ड खदानों डगोचा और कांकरिया गारा ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया शुरू होने के बाद फिलहाल रोक दी गई है, बताया जा रहा है कि दोनों अरावली क्षेत्र में आ रही हैं।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Anand Prakash Yadav

image

सुनील सिंह सिसोदिया

Apr 28, 2026

राजस्थान में सोने के 25% भंडार, लेकिन माइनिंग अटकी, पत्रिका फोटो

राजस्थान में सोने के 25% भंडार, लेकिन माइनिंग अटकी, पत्रिका फोटो

Rajasthan Gold Mining Delay: राजस्थान में स्वर्ण खनन की योजनाएं लगातार अड़चनों का सामना कर रही हैं। दो गोल्ड खदानों डगोचा और कांकरिया गारा ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया शुरू होने के बाद फिलहाल रोक दी गई है, बताया जा रहा है कि दोनों अरावली क्षेत्र में आ रही हैं।
जबकि बांसवाड़ा जिले के भूकिया-जगपुरा क्षेत्र की खान पहले ही तकनीकी कारणों से निरस्त होकर अब न्यायिक प्रक्रिया में उलझ गई है। राजस्थान देश के कुल स्वर्ण भंडार का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा रखता है। इन भंडारों की खोज कई वर्ष पहले हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक खनन कार्य शुरू नहीं हो सका है।

राजस्थान स्वर्ण भंडार में देश में दूसरे स्थान पर

देश में राजस्थान सहित छह राज्यों में करीब 501 मिलियन टन स्वर्ण भंडार चिन्हित किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 122 मिलियन टन भंडार अकेले राजस्थान में है। भंडार के लिहाज से राजस्थान देश में बिहार के बाद दूसरे स्थान पर है। प्रदेश के बांसवाड़ा, सलूंबर और दौसा जिलों में प्रमुख रूप से स्वर्ण अयस्क मौजूद है, लेकिन खनन प्रदेश में कब तक शुरू होगा, इसका जवाब फिलहाल खान विभाग के अधिकारियों के पास भी नहीं है।

भूकिया-जगपुरा: आवंटन निरस्त, मामला हाईकोर्ट में

बांसवाड़ा जिले के भूकिया-जगपुरा क्षेत्र में करीब तीन वर्ष पहले खान का आवंटन किया गया था और कंपनी ने नीलामी के बाद राशि भी जमा कराई थी। बाद में तकनीकी कारणों से यह आवंटन निरस्त कर दिया गया। फिलहाल मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। यहां वर्ष 1992 के आसपास 3.50 किमी लंबे और 2 किमी चौड़े क्षेत्र में लगभग 114.78 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क का अनुमान लगाया गया था।

डगोचा ब्लॉक: अरावली क्षेत्र के कारण प्रक्रिया रुकी

सलूंबर जिले के डगोचा ब्लॉक (472 हेक्टेयर) में नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन यह क्षेत्र अरावली पर्वत श्रृंखला में आने के कारण फिलहाल रोक दी गई है। यहां वर्ष 2000 से 2002 के बीच करीब 1.74 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क का अनुमान लगाया गया था।

कांकरिया गारा ब्लॉक: नीलामी शुरू होते ही थमी

बांसवाड़ा जिले के कांकरिया गारा ब्लॉक (205 हेक्टेयर) में हाल ही नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन अरावली क्षेत्र में होने के कारण इसे भी रोक दिया गया है।

ढाणी-बसेड़ी ब्लॉक: संभावनाएं मौजूद, प्रक्रिया शुरू नहीं

दौसा जिले के ढाणी-बसेड़ी ब्लॉक में वर्ष 2000 से 2003 के दौरान किए गए पूर्वेक्षण में करीब 3.80 मिलियन टन स्वर्ण अयस्क का अनुमान सामने आया था। यहां सामरिक महत्व के क्रिटिकल मिनरल्स के भंडार होने की भी संभावना जताई जा रही है, लेकिन अभी तक नीलामी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

देश के स्वर्ण भंडार में राज्यों की हिस्सेदारी

राज्यस्वर्ण भंडार में हिस्सेदारी
बिहार44%
राजस्थान25%
कर्नाटक21%
आंध्र प्रदेश3%
पश्चिमी बंगाल3%
झारखंड2%